रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ में पटवारी से राजस्व निरीक्षक (RI) बनने के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा का पेपर लीक करने के मामले में EOW ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों को दिल्ली से पकड़कर रायपुर लाया गया। सोमवार को विशेष न्यायालय में पेश करने के बाद कोर्ट ने उन्हें 23 नवंबर तक 8 दिन की पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिले के रहने वाले वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) के रूप में हुई है। EOW के मुताबिक, दोनों ने परीक्षा की प्रश्नपत्र छपाई समिति से जुड़े आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर पेपर लीक करने की साजिश रची थी। आरोप है कि परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र अभ्यर्थियों तक पहुंचा दिया गया और इसके बदले उनसे मोटी रकम वसूली गई।
EOW ने 15 नवंबर को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में दोनों आरोपियों की पहचान परेड कराई थी। इसमें परीक्षा में शामिल हुए पटवारियों ने दोनों की पहचान की। पटवारियों ने बताया कि इन्हीं लोगों ने उन्हें लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया था। साथ ही पेपर से तैयारी करने के लिए जगह भी उपलब्ध कराई थी और इसके बदले पैसे लिए थे।
216 अभ्यर्थियों का हुआ था चयन
पटवारियों को आरआई प्रशिक्षण के लिए चुनने के लिए 7 जनवरी 2024 को विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था। परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने उच्च स्तरीय जांच कराई। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने मामले की जांच EOW-ACB को सौंप दी थी।
प्रारंभिक जांच में गड़बड़ी के मिलने पर EOW ने 2025 में केस दर्ज कर जांच शुरू की। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और धोखाधड़ी, जालसाजी व आपराधिक साजिश से जुड़ी धाराओं में केस दर्ज है। फिलहाल EOW आरोपियों से पूछताछ कर पेपर लीक से जुड़े नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।






