रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) पत्नी और युवक के बीच प्रेम संबंध के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंक दिया गया। तिल्दा-नेवरा पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए चाचा-भतीजे दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
प्रेम संबंध के शक में रची साजिश
पुलिस के अनुसार शंकर पाल उर्फ राजू (38) को अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम पाल के बीच प्रेम संबंध होने का शक था। इसी शक में उसने अपने भतीजे किशन यादव उर्फ पिंटू यादव (20) के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। पहले भी इस बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो चुका था। इसी रंजिश के चलते मौका मिलते ही दोनों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
टंगिया से सिर और गर्दन पर ताबड़तोड़ वार
आरोपितों ने पहले से तय योजना के तहत पुरुषोत्तम पाल पर टंगिया से हमला किया। उसके सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर ताबड़तोड़ वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 22 वर्षीय पुरुषोत्तम पाल पर इतने वार किए गए कि उसने दम तोड़ दिया। यह हत्या पूरी तरह से पूर्व नियोजित थी।
शव को पोल से बांधकर तालाब में फेंका
हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने के लिए आरोपितों ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। शव को सीमेंट के पोल से बांधा गया और गांव की मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया गया। आरोपितों ने सोचा था कि शव पानी में डूबा रहेगा और किसी को पता नहीं चलेगा। लेकिन पुलिस की जांच में उनकी यह चाल नाकाम हो गई।
लापता होने की रिपोर्ट से खुला राज
घटना तिल्दा-नेवरा थाना क्षेत्र के ग्राम बेमता की है। मृतक पुरुषोत्तम पाल (22) के पिता धनेश पाल ने 15 नवंबर को थाने में बेटे के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम 14 नवंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठा के पास से लापता हुआ था। परिवार ने काफी तलाश की लेकिन पता नहीं चला। पुलिस ने गुम इंसान का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पूछताछ में टूटे आरोपित, तालाब से मिला शव
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि घटना वाले दिन शंकर पाल, उसका भतीजा किशन और पुरुषोत्तम एक साथ देखे गए थे। शक के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो किशन ने हत्या की बात कबूल कर ली। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने मंजरी डबरी तालाब में तलाश कराई और वहां से पुरुषोत्तम का शव बरामद किया गया।





