*दुबई शादी कनेक्शन पर ED का शिकंजा*

3

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) महादेव ऑनलाइन सट्टा केस में ED ने दिल्ली के लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर, रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है।

जांच के दायरे में पिता-बेटे की 9 कंपनियां भी हैं। राहुल मक्कर ने सौरभ चंद्राकर की दुबई में हुई शाही शादी में कैटरिंग का काम किया था।

प्रवर्तन निदेशालय (ED) को शक है कि महादेव सट्टे से कमाए गए करोड़ों रुपए इन लोगों तक पहुंचाए गए। इस रकम को दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स और भारत के हॉस्पिटैलिटी कारोबार में निवेश किए जाने की आशंका है।

यह कार्रवाई सौरभ चंद्राकर से पूछताछ के दौरान मिली जानकारियों के आधार पर की गई। ED अब पता लगा रही है कि सट्टे से कमाए गए पैसे किन लोगों और कंपनियों के जरिए आगे भेजे गए और उनका इस्तेमाल कहां किया गया।

अधिकारियों के मुताबिक, जांच अब सट्टे के नेटवर्क से आगे बढ़कर उससे जुड़े कारोबारी रिश्तों और संपत्तियों तक पहुंच गई है।

गुरुवार को हुई छापेमारी के दौरान ED ने दिल्ली के पॉश जोरबाग इलाके में ग्रोवर परिवार के दो मकानों, खान मार्केट स्थित उनके ऑफिस और राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस समेत कई वेडिंग वेन्यू की तलाशी ली।

दिल्ली में कहां-कहां छापे पड़े

ED की टीमों ने दिल्ली के पॉश जोरबाग इलाके में शेली ग्रोवर से जुड़े दो मकानों (नंबर 149 और 152) की तलाशी ली। इसके अलावा खान मार्केट स्थित उनके व्यावसायिक कार्यालय की भी जांच की गई।

राहुल मक्कर से जुड़े रिवेरा हाउस और उनके स्वामित्व वाले कई वेडिंग वेन्यू पर भी छापे मारे गए। ED ने इन ठिकानों से मिले वित्तीय रिकॉर्ड, कंपनियों के दस्तावेज और प्रॉपर्टी से जुड़े कागजात की जांच शुरू की है।

चंद्राकर की दुबई वाली शादी से जुड़ रहे कारोबार के तार

जांच में राहुल मक्कर की भूमिका भी ED के रडार पर है। मक्कर दिल्ली की एक लग्जरी कैटरिंग कंपनी के फाउंडर हैं। उसकी कंपनी भारत के अलावा दुबई और बाली में भी काम करती है।

ED के मुताबिक, 2023 में UAE में हुई सौरभ चंद्राकर की शादी में कैटरिंग की जिम्मेदारी इसी कंपनी ने संभाली थी। जांच एजेंसी राहुल मक्कर और विकास छपरिया के बीच कारोबारी और वित्तीय संबंधों की भी पड़ताल कर रही है।

छपरिया को सौरभ चंद्राकर का करीबी सहयोगी और सट्टे के पैसों का फाइनेंस मैनेजमेंट संभालने वाला अहम व्यक्ति बताया जाता है।ED जांच कर रही है कि इन कारोबारी रिश्तों के जरिए सट्टे से कमाए गए पैसों को अलग-अलग कारोबारों में निवेश तो नहीं किया गया।

दुबई में पिता-बेटे की रियल एस्टेट कंपनी भी जांच के दायरे में

ED शेली ग्रोवर और उनके बेटे माधव ग्रोवर के कारोबारी नेटवर्क की भी जांच कर रही है। दोनों दुबई में एम्पायर इंफ्राटेक रियल एस्टेट ब्रोकरेज LLC चलाते हैं। शेली इस कंपनी के संस्थापक और CEO हैं।

उन्हें दुबई के रियल एस्टेट कारोबार में 10 साल से ज्यादा का अनुभव बताया गया है। भारत में भी शेली का रियल एस्टेट, इंफ्रास्ट्रक्चर, टेक्नोलॉजी और एंटरटेनमेंट सेक्टर की 9 कंपनियों में डायरेक्टर के तौर पर जुड़ाव है।

उनके बेटे माधव दुबई में रियल एस्टेट एजेंट, डायरेक्टर और पोर्टफोलियो मैनेजर हैं। वे रिहायशी, व्यावसायिक और निर्माणाधीन प्रॉपर्टी में निवेश से जुड़े काम देखते हैं।

ED को शक है कि महादेव सट्टे से मिले पैसों का इस्तेमाल दुबई के प्रॉपर्टी कारोबार में किया गया हो सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, ग्रोवर परिवार के भारत और दुबई स्थित कारोबारी नेटवर्क से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

 

3

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page