रायपुर । (सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ में बादल छंटने और मौसम साफ होने के बाद ठंड बढ़नी शुरू हो गई है। इसका सबसे ज्यादा असर सरगुजा संभाग के जिलों में दिखाई दे रहा है।
यहां बलरामपुर-रामानुजगंज में न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सूरजपुर में 9.4 और सरगुजा में 9.2 डिग्री रहा। सूरजपुर में तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे पहुंच गया है। वहीं बालोद में भी पारा सामान्य से 6.6 डिग्री और बेमेतरा में 6.5 डिग्री कम रहा।
प्रदेश में 15 डिग्री से कम न्यूनतम तापमान वाले जिलों की संख्या 13 है। इनमें उत्तर छत्तीसगढ़ के साथ मैदानी इलाके के जिले भी शामिल हैं। मौसम साफ होने के कारण रात में ठंड का असर बढ़ा है, जबकि दिन में धूप निकलने से अधिकतम तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं है।
प्रदेश में मौसम फिलहाल ड्राई है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना है, लेकिन इसका छत्तीसगढ़ पर खास असर नहीं है। कोई अलर्ट नहीं है।
रायपुर में ऐसा रहा मौसम
रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 28.7 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 1.4 डिग्री कम, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री अधिक रहा।
आज रायपुर में मौसम साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम 15 डिग्री के आसपास रहने का अनुमान है।
बस्तर में रात का पारा 21 डिग्री
छत्तीसगढ़ के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। उत्तर छत्तीसगढ़ में जहां रात का पारा 8.8 डिग्री तक पहुंच गया है, वहीं बस्तर संभाग के जिलों में न्यूनतम तापमान 19 से 21 डिग्री के बीच बना हुआ है।
बलरामपुर-रामानुजगंज में सबसे कम 8.8 डिग्री तापमान दर्ज हुआ, जबकि सुकमा में 21 डिग्री रहा। यानी दोनों जिलों के तापमान में 12.2 डिग्री का अंतर है। रायपुर में सूर्योदय और सूर्यास्त का समय
सूर्योदय: सुबह 6:22 बजे
सूर्यास्त: शाम 5:22 बजे
चंद्रोदय: रात 8:13 बजे
चंद्रास्त: सुबह 9:11 बजे
