Home / National / *सोनिया गांधी ने राज्यसभा में उठाया पोषण का मुद्दा*

*सोनिया गांधी ने राज्यसभा में उठाया पोषण का मुद्दा*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

नयी दिल्ली । (सियासत दर्पण न्यूज़) कांग्रेस की सोनिया गांधी ने सोमवार को राज्यसभा में देश में पोषण और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इसके लिए पर्याप्त आवंटन किया जाना चाहिए। श्रीमती गांधी ने सदन में शून्यकाल के दौरान ‘सभापति की अनुमति से उठाए गए मामले’ के अंतर्गत कहा कि सरकार जनगणना के पुराने आंकड़ों के अनुसार पोषण खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवंटन करती है। लेकिन फिलहाल जनगणना की प्रक्रिया चार साल पीछे चल रही है। इससे जरूरतमंद लोगों की पोषण और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही है, इसलिए सरकार को देश की 140 करोड़ जनता की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पोषण और खाद्य सुरक्षा के लिए आवंटन करना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के डॉक्टर अजीत माधवराव गोपछडे ने आधार के दुरुपयोग और नकली आधार कार्ड बनने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड को नियमित रूप से अद्यतन किया जाना चाहिए। केंद्र सरकार को इस संबंध में कानून बनाना चाहिए। तृणमूल कांग्रेस के मोहम्मद नदीमुल हक ने आकाशवाणी पर क्रिकेट कमेंट्री जारी रखने की मांग करते हुए कहा कि इसकी क्षमता का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आकाशवाणी को क्रिकेट कमेंट्री के प्रसारण अधिकार नहीं देता। यह लोगों को उनके अधिकारों से वंचित करना है। उन्होंने कहा कि आकाशवाणी को प्रत्येक भाषा में क्रिकेट की कमेंट्री करानी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के सुजीत कुमार ने ओडिशा के दूरदराज के क्षेत्र को रेल संपर्क से जोड़ने की मांग की। उन्होंने कालाहांडी, संबलपुर- सोनपुर और बोलंगीर से संबंधित रेल परियोजना को शीघ्र पूरा करने की मांग की। भारतीय जनता पार्टी की धर्मशिला गुप्ता ने दरभंगा और दिल्ली के बीच राजधानी एक्सप्रेस रेल गाड़ी चलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजधानी रेल सेवा को दरभंगा तक बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि दरभंगा से गुवाहाटी के लिए भी रेल सेवा शुरू की जानी चाहिए। आम आदमी पार्टी के संदीप कुमार पाठक ने पंजाब में भारत- पाकिस्तान सीमा पर ड्रोन के अवैध प्रवेश का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी घुसपैठिये भारतीय सीमा में घुसने के लिए लगातार ड्रोन का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस पर नजर रखने की जरूरत है। पंजाब में सीमा पर एंटी ड्रोन टेक्नोलॉजी का प्रयोग किया जाना चाहिए। सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल को ऐसी तकनीक से सुसज्जित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि इन ड्रोन के माध्यम से नशीले पदार्थ भारत में भेजे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमा पर ‘प्रॉक्सी वार’ चल रहा है। सरकार को ध्यान देने की जरूरत है। भारतीय जनता पार्टी के सिकंदर कुमार ने कहा कि नई दिल्ली में संघ लोक सेवा आयोग के संग्रहालय में इतिहास के साथ छेड़छाड़ किये दस्तावेज रखे गए हैं। उन्होंने कहा कि संग्रहालय में रखे हुए दस्तावेजों में तथ्यों की गलत जानकारी है। इससे युवा पीढ़ी को गलत संदेश जा रहे हैं और इसका भविष्य में खतरनाक असर होगा। इस संग्रहालय में तथ्यात्मक रूप से सही इतिहास रखा जाना चाहिए। स्वतंत्र सदस्य कार्तिकेय शर्मा ने हरियाणा के मोरनी हिल्स में जंगली जानवरों द्वारा फसलों को खराब करने का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। आम आदमी पार्टी के संजय सिंह ने कोल इंडिया में श्रमिकों की बदहाली का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि देश में बिजली की आपूर्ति करने के लिए कोल इंडिया के श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। श्रमिकों को उनके कानूनी अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोल इंडिया का मेडिकल बोर्ड पिछले सात साल से काम नहीं कर रहा है। इसके जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए‌ और अनुकंपा के आधार पर नौकरी की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के दोरजी शेरिंग लेपचा ने भूटिया, लिंबू और लेपचा भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग की। भारतीय जनता पार्टी की कल्पना सैनी ने कहा कि भारतीय रसोई में इस्तेमाल होने वाले मसाले पारंपरिक पोषण प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय रसोई के परंपरागत तरीकों को शिक्षा प्रणाली में शामिल किया जाना चाहिए। इससे आने वाली पीढ़ियों को बीमारियों से बचाने में मदद मिलेगी। कांग्रेस के प्रमोद तिवारी ने बाजार में नकली और कम गुणवत्ता की दवाइयाें का मामला उठाया। उन्होंने कहा कि देश में लगभग 50 ऐसी दवाइयां है, जो गुणवत्ता के अनुरूप नहीं है। उन्होंने कहा कि घटिया दवाओं की बिक्री तुरंत रोकी जानी चाहिए और इनकी निर्माण प्रक्रिया बंद की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि निर्माता को जुर्माना नहीं बल्कि कारावास की सजा दी जानी चाहिए। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के संदोष कुमार पी ने केरल में नर्सिंग शिक्षा उत्कृष्टता केंद्र स्थापित करने की मांग की। बीजू जनता दल के देवाशीष सामंत राय ने पुरी की रथ यात्रा को राष्ट्रीय उत्सव घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस अवसर पर राष्ट्रीय अवकाश भी घोषित किया जाना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के संजय सेठ ने स्वास्थ्य बीमा कंपनियां और अस्पतालों के बीच गठजोड़ का मामला उठाया तथा कहा कि इससे मरीजों को लुटने से बचाया जाना चाहिए।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page