*ट्रक में भूसा परिवहन की आड़ में गांजा की तस्करी, 12 क्विंटल जब्त, तीन आरोपित गिरफ्तार*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

अंबिकापुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे बलरामपुर जिले में पुलिस ने अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी के प्रयास को नाकाम करते हुए लगभग छह करोड़ रुपये कीमत का 12 क्विंटल गांजा जब्त किया है। इस कार्रवाई में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है, जो ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहे थे। प्रकरण में ट्रक को भी जब्त किया गया है।

यह कार्रवाई बसंतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बनारस मुख्य मार्ग पर स्थित धनवार वनोपज नाके (बेरियर) पर की गई। इन दिनों समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के चलते बेरियर पर वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि एक ट्रक में मादक पदार्थ छिपाकर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध ट्रक को रोका और जांच की।

ट्रक के भीतर ऊपर से भूसा भरा हुआ था, ताकि किसी को संदेह न हो, लेकिन जब भूसे को हटाकर तलाशी ली गई तो उसके नीचे प्लास्टिक पैकेटों में छिपाकर रखा गया 12 क्विंटल गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजे के साथ तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

पकड़े गए तीनों आरोपित ओडिशा से गांजा लोड कर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपितों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस कार्रवाई से किसी बड़े अंतरराज्यीय गांजा तस्करी सिंडिकेट के राजफाश की संभावना है।

ओडिशा से गांजा लेकर निकला ट्रक छत्तीसगढ़ के कई जिलों से होते हुए उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश कर गया था। यदि यहां वह पकड़ में नहीं आता तो उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाता। इससे पहले भी वाड्रफनगर–बसंतपुर क्षेत्र में अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के प्रकरण सामने आ चुके हैं।

पूर्व में बस के माध्यम से गांजा तस्करी का भी पुलिस द्वारा राजफाश किया गया था। ट्रक से गांजा ले जाने वाले भी पकड़े गए थे। तब तस्करी का तरीका बदलकर सामान्य यात्रियों की तरह बैगों में गांजा भरकर बस से ले जाने का प्रयास किया जा रहा था। उस दौरान भी दो प्रकरणों में पुलिस ने गांजा जब्त कर आरोपितों को पकड़ा था। इस बार फिर ट्रक के माध्यम से गांजा की तस्करी की जा रही थी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपितों से पूछताछ जारी है। मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और कड़ी की जाएगी।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page