रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी इलाके में सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद बढ़ गया है। बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए। प्रदर्शन में कांग्रेस, भीम आर्मी और छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
मौके पर नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम कार्रवाई के लिए पहुंची। हालात को देखते हुए भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया। प्रदर्शन के दौरान मुख्य सड़क पर जाम लग गया, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों का आरोप है कि प्रशासन तय मार्किंग से अधिक क्षेत्र में तोड़फोड़ कर रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। विरोध के बीच कांग्रेस नेता भी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई के खिलाफ आवाज उठाई। फिलहाल प्रशासन और प्रदर्शनकारियों के बीच तनातनी की स्थिति बनी हुई है।







