Home / राजधानी / *सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर 53.60 लाख की ठगी का मामला*

*सोलर प्रोजेक्ट के नाम पर 53.60 लाख की ठगी का मामला*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर । (सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी रायपुर में सोलर स्ट्रीट लाइट प्रोजेक्ट दिलाने के नाम पर 53.60 लाख रुपए की ठगी की गई है। आरोपियों ने खुद को प्रभावशाली और राजनेताओं का करीबी बताकर कारोबारी को झांसे में लिया। रकम लेने के बाद न काम दिलाया गया, न पैसे लौटाए गए।

कारोबारी की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। आरोपी राहुल शुक्ला समेत अन्य बताए जा रहे हैं। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।

खम्हारडीह पुलिस के अनुसार कचना के रहने वाले कारोबारी अंकित गोयल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि साल 2024 में उसकी पहचान नयनित खेड़िया के माध्यम से राहुल शुक्ला से हुई थी। राहुल ने खुद को बड़े नेताओं और अफसरों से जुड़ा बताकर भरोसा दिलाया कि वह बस्तर संभाग की सभी ग्राम पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का सरकारी ठेका दिला सकता है।

उसने यह भी कहा कि हर स्ट्रीट लाइट करीब 48 हजार रुपए का भुगतान होगा, जिससे अच्छा मुनाफा कमाया जा सकेगा। आरोप है कि राहुल शुक्ला, उसकी पत्नी और अन्य ने मिलकर सुनियोजित तरीके से कारोबारी को झांसे में लिया। अलग-अलग समय पर नकद और बैंक ट्रांसफर से कुल 53.60 लाख रुपए लिए गए। शुरुआत में काम जल्द मिलने का भरोसा दिया गया, लेकिन समय बीतने के साथ आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी।

टेंडर से जुड़े फर्जी दस्तावेज दिखाए

पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने भरोसा जीतने के लिए जैंको कंपनी और सरकारी टेंडर से जुड़े फर्जी दस्तावेज दिखाए। लंबे समय तक कोई प्रोजेक्ट नहीं मिला और पैसे मांगने पर टालमटोल होती रही, तब ठगी का एहसास हुआ। इसके बाद खम्हारडीह थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई गई।

पुलिस बोली- गिरफ्तारी के लिए जल्द दबिश दी जाएगी

खम्हारडीह पुलिस के जाच अधिकारियों के अनुसार पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में अपराध दर्ज किया गया है। फिलहाल बैंक ट्रांजैक्शन, दस्तावेज और कॉल डिटेल्स की जांच जारी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जल्द दबिश दी जाएगी।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page