रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी रायपुर में देर रात घर लौट रहे एक युवक से लूट की वारदात सामने आई है। दो बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने युवक के सिर पर हमला कर उसे सड़क पर गिरा दिया और मारपीट करते हुए 19 हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। मामले में माना कैंप थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपितों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार, पीड़ित निलेश घोष (26) मूल रूप से कांकेर जिले के पखांजूर का निवासी है। वह वर्तमान में रायपुर के कमल विहार सेक्टर-4 स्थित वेलफेयर कॉलोनी में किराये से रहकर एक रियल एस्टेट कंपनी में कार्यरत है।
निलेश ने पुलिस को बताया कि 14 जून की रात करीब एक बजे वह अपनी बाइक से रायपुर से पखांजूर स्थित अपने गृह ग्राम के लिए निकला था। उसके पास कंपनी से प्राप्त भुगतान की 19 हजार रुपये नकद राशि थी। डुमरतराई स्थित भारत पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के बाद वह आगे बढ़ा।
जेब में रखे 19 हजार रुपये लूट लिए
रात करीब 1:20 बजे जब वह ट्रू वैल्यू सन एंड सन शोरूम के पास पहुंचा, तभी दो बाइक पर सवार अज्ञात युवक वहां पहुंचे। बदमाशों ने पीछे से उसके सिर पर हमला कर दिया, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपितों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी देते हुए जेब में रखे 19 हजार रुपये लूट लिए।
सभी आरोपित मौके से फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपित मौके से फरार हो गए। घटना के तीन दिन बाद पीड़ित की शिकायत पर माना कैंप थाना पुलिस ने लूट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






