दुर्ग। (सियासत दर्पण न्यूज़) नगर निगम दुर्ग,राजस्व विभाग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा गुरुवार को वार्ड क्रमांक 50 बोरसी भाठा स्थित शासकीय भूमि पर किए गए अवैध कब्जों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की गई। न्यायालयीन आदेश के पालन में निगम, राजस्व एवं पुलिस अमले की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटाकर शासकीय भूमि को मुक्त कराया गया।
कब्जा हटाने निगम,राजस्व और पुलिस प्रशासन का अमला सुबह करीब चार बजे पहुंचा। अमला ने क्षेत्र को चारों तरफ से घेराबंदी कर कब्जाधारियों को बुलाया और कार्रवाई शुरू की। वहीं जिनका कब्जा तोड़ा गया है उन्होंने प्रशासन पर बगैर सूचना या नोटिस दिए कार्रवाई किए जाने का आरोप लगाया है।
नगर निगम दुर्ग के भवन अधिकारी प्रकाश चंद थवानी ने बताया कि बोरसी भाठा क्षेत्र की शासकीय भूमि खसरा नंबर 194/1 पर कुल 35 व्यक्तियों द्वारा कब्जा किया गया था। उक्त प्रकरण में तहसीलदार न्यायालय द्वारा अतिक्रमण हटाने के आदेश जारी किए गए थे।
कब्जाधारियों द्वारा दायर अपील को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), दुर्ग द्वारा निरस्त कर दिया गया था। उन्होंने बताया कि 35 अतिक्रमण प्रकरणों में से एक प्रकरण में माननीय उच्च न्यायालय से स्थगन प्राप्त है, जबकि 19 प्रकरणों में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी न्यायालय से स्थगन आदेश प्रभावशील है।
वहीं 10 प्रकरण वर्तमान में विचाराधीन हैं। शेष चार प्रकरणों में संबंधित व्यक्तियों द्वारा शासकीय भूमि पर कब्जा कर व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था। इनमें जीवन यादव, कुमारी बाई, मोहन खेरडे एवं रोहित विश्वकर्मा के नाम शामिल हैं।
इन प्रकरणों में किसी प्रकार का स्थगन आदेश प्रभावी नहीं होने के कारण गुरुवार को राजस्व विभाग, नगर निगम दुर्ग एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
पूर्व में कर चुके हैं कार्रवाई का विरोध
दरअसल अतिक्रमण का यह मामला सालों पुराना है। निगम अमला द्वारा करीब छह माह पहले भी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की पहल की गई थी। पुलिस बल के साथ निगम अधिकारी बुलडोजर लेकर पहुंचे थे लेकिन लोगों के विरोध के चलते अमला को बैरंग लौटना पड़ा था। इसके पहले भी अतिक्रमण कारी निगम की कार्रवाई का विरोध कर चुके थे। उक्त कारणों को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की टीम गुरुवार तड़के चार बजे कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची।





