Home / राजधानी / *WRS मैदान में मिली लाश, टैटू बना पहचान का सुराग*

*WRS मैदान में मिली लाश, टैटू बना पहचान का सुराग*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  राजधानी रायपुर में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात WRS कॉलोनी के एक खुले मैदान में एक युवक का सिर कुचला हुआ शव मिला। सोमवार सुबह स्थानीय लोगों ने मैदान में खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

शुरुआती जांच में पता चला है कि युवक के सिर और चेहरे पर किसी भारी पत्थर या ठोस वस्तु से वार किया गया है। घटनास्थल पर बड़ी मात्रा में खून मिला है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या की गई है। मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।

मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस को युवक के दाहिने हाथ पर ‘RK सारथी’ नाम का टैटू मिला है। इसी आधार पर उसकी शिनाख्त करने की कोशिश की जा रही है। आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदा लोगों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के समय वहां आने-जाने वाले लोगों की पहचान की जा सके।

पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य व्यक्तिगत कारणों को लेकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात के समय गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठाए हैं। फिलहाल खमतराई पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि मृतक की पहचान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page