बलरामपुर: (सियासत दर्पण न्यूज़) जिले के चांदो थाना क्षेत्र अंतर्गत कंदरी गांव में बुधवार देर शाम आकाशीय बिजली गिरने से दो युवकों की मौत हो गई। बारिश और खराब मौसम के दौरान दोनों युवक बचाव के लिए एक पेड़ के नीचे खड़े हो गए थे, तभी अचानक गिरी बिजली की चपेट में आकर उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान अर्जुन राम पिता मंडूर कश्यप (30) तथा संजय पैकरा पिता जोगरा पैकरा (42) निवासी कंदरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुधवार शाम को क्षेत्र में अचानक मौसम खराब हो गया था। तेज बारिश के साथ गरज-चमक शुरू हो गई। इसी दौरान दोनों युवक बारिश से बचने के लिए एक पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ ही देर बाद तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे पेड़ के पास गिरी। बिजली की चपेट में आकर दोनों युवक गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर चांदो थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
चांदो थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह टेकाम ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि खराब मौसम, गरज-चमक और बारिश के दौरान किसी भी स्थिति में पेड़ के नीचे शरण नहीं लेनी चाहिए। ऐसे समय में सुरक्षित भवन या पक्के आश्रय स्थल में रहना ही सबसे सुरक्षित उपाय है। प्रशासन ने लोगों से मौसम खराब होने पर खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है। घटना के बाद कंदरी गांव में मातम पसरा हुआ है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी इस दुखद घटना से स्तब्ध हैं।






