रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी के सिविल लाइन स्थित सीए तारवानी एंड एसोसिएट्स कार्यालय में लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चोरी की वारदात के मुख्य आरोपी उमेश पोर्ते और उसके साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 7.80 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं।
उमेश पोर्ते पहले इसी कार्यालय में काम करता था और उसे ऑफिस में रखी नकदी की पूरी जानकारी थी। इसी जानकारी का फायदा उठाकर उसने अपने साथी के साथ मिलकर चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज होने के महज 30 घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
ताला काटकर उड़ाए थे लाखों रुपये, सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पुलिस के अनुसार, सुंदर नगर निवासी अपर्णा नायक सीए तारवानी एंड एसोसिएट्स में कैशियर हैं। 21 जुलाई की सुबह कार्यालय के चालक ने उन्हें फोन कर ऑफिस में चोरी होने की सूचना दी। सूचना मिलने पर अपर्णा नायक और कार्यालय संचालक चेतन तारवानी मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि रात के दौरान किसी ने ऑफिस में घुसकर कैश काउंटर का लॉक कटर से काटा और उसमें रखी लाखों रुपये की नकदी चोरी कर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य क्षेत्र) तारकेश्वर पटेल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम गठित की। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और ऑफिस के वर्तमान व पूर्व कर्मचारियों से अलग-अलग पूछताछ शुरू की।
बिलासपुर में दबिश देकर पकड़ाया आरोपी, साजिश का किया खुलासा
जांच के दौरान पुलिस का संदेह ऑफिस में पहले काम कर चुके कर्मचारी उमेश पोर्ते पर गया। पुलिस टीम ने बिलासपुर में दबिश देकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में उमेश ने चोरी की पूरी साजिश कबूल कर ली। उसने बताया कि नौकरी के दौरान उसे पता था कि ऑफिस में बड़ी मात्रा में नकदी रखी जाती है। इसी वजह से उसने अपने साथी लक्ष्मीनारायण ध्रुव के साथ मिलकर वारदात की योजना बनाई और रात में ऑफिस का ताला काटकर चोरी को अंजाम दिया।
उमेश की निशानदेही पर पुलिस ने लक्ष्मीनारायण ध्रुव को भी बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की 7 लाख 80 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली गई है।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, 30 घंटे के भीतर मामला दर्ज कर कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी उमेश पोर्ते के खिलाफ बिलासपुर जिले में पहले भी मारपीट के मामले दर्ज हैं और वह पूर्व में जेल भी जा चुका है। दोनों आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में अपराध क्रमांक 388/26 के तहत धारा 331(4) और 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






