Home / छत्तीसगढ़ / *गाली लिखने की सजा, स्कूल में मचा बवाल*

*गाली लिखने की सजा, स्कूल में मचा बवाल*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

अंबिकापुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  शहर के सरगंवा स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल पर छात्र को हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार गाली लिखने की सजा देने का आरोप है। आरोप है कि स्कूल की एक शिक्षिका ने कक्षा आठवीं के छात्र को दंड स्वरूप अश्लील गालियां अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में लिखवाईं। गाली लिखे कॉपी के पन्नों पर अभिभावक के हस्ताक्षर के आदेश से प्रकरण का भेद खुला। घटना सामने आने के बाद अभिभावकों में नाराजगी है, वहीं शिक्षा विभाग ने तत्काल जांच के आदेश देते हुए कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

दो छात्रों के विवाद में शिक्षिका ने दी अनोखी सजा

जानकारी के अनुसार कक्षा आठवीं ‘ए’ के दो छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। आरोप है कि एक छात्र ने दूसरे छात्र को गाली दी, जिसकी शिकायत शिक्षिका से की गई। इसके बाद शिक्षिका ने छात्र को दंड देने के नाम पर पहले अंग्रेजी में सौ बार गाली लिखने का निर्देश दिया। छात्र द्वारा ऐसा करने के बाद उसे वही गालियां हिंदी में भी सौ बार लिखने के लिए कहा गया।

अभिभावक के हस्ताक्षर कराने का दिया आदेश

बताया जा रहा है कि छात्र ने शिक्षिका के निर्देशानुसार पन्नों में अश्लील शब्द लिखे। बच्चे को आदेशित किया गया कि वह अभिभावक से उसी पन्ने पर हस्ताक्षर करा कर लाएगा। अभिभावकों ने बच्चे की कॉपी देखी तो वे हैरान रह गए। इसके बाद वे स्कूल पहुंचे और विरोध दर्ज कराया।

अभिभावकों से बदसलूकी और बच्चे को प्रताड़ित करने का आरोप

आरोप है कि इस दौरान शिक्षिका ने अभिभावकों को फटकार लगाई और छात्र को अगले दिन भी जमीन पर बैठाने जैसी सजा देने की बात कही। घटना के बाद छात्र मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा है। मामले की जानकारी शिक्षा विभाग तक पहुंचते ही जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश कुमार झा ने तत्काल सहायक संचालक शिक्षा को जांच के लिए स्कूल भेज दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उधर, छात्र संगठनों और अभिभावकों ने भी पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित शिक्षिका और स्कूल प्रबंधन के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि विद्यालय बच्चों को संस्कार और शिक्षा देने का स्थान है, वहां इस प्रकार की सजा किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकती। बताया जा रहा है कि यह मामला सामने आने के बाद जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

डीईओ बोले- ऐसी गतिविधियां बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होंगी

स्कूल में बच्चों से कॉपी में गालियां लिखवाने की जानकारी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल सहायक संचालक को जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलते ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विद्यार्थियों को स्कूल संस्कार और शिक्षा देने के लिए भेजा जाता है, उनसे इस तरह अश्लील शब्द लिखवाना पूरी तरह अनुचित है। ऐसी गतिविधियां किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। – डॉ. दिनेश कुमार झा, जिला शिक्षा अधिकारी, सरगुजा

पहले भी लग चुका है एक लाख रुपये का जुर्माना

यह वही बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल है, जिस पर पूर्व में शिक्षा का अधिकार (आरटीई) अधिनियम के उल्लंघन के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। जांच में निजी प्रकाशकों की पुस्तकों से पढ़ाई कराए जाने सहित अन्य अनियमितताएं मिलने पर जिला शिक्षा विभाग ने स्कूल पर एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया था। इसके बाद भी स्कूल को लेकर समय-समय पर मनमानी की शिकायतें सामने आती रही हैं।

प्राचार्य ने नहीं किया फोन रिसीव

मामले में स्कूल का पक्ष जानने के लिए प्राचार्य से उनके मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। समाचार लिखे जाने तक स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page