Home / छत्तीसगढ़ / *कोल इंडिया का बड़ा कदम, 4.5 लाख पेंशनर्स को राहत*

*कोल इंडिया का बड़ा कदम, 4.5 लाख पेंशनर्स को राहत*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

कोरबा :(सियासत दर्पण न्यूज़) कोल इंडिया लिमिटेड (सीआइएल) ने सेवानिवृत कर्मचारियों के लिए पेंशन प्रशासन, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, शिकायत निवारण तथा सामाजिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अनेक महत्वपूर्ण सुधार लागू किए हैं। इन पहलों से 4.5 लाख से अधिक सेवानिवृत कर्मियों एवं पेंशनभोगियों के जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

सामाजिक सुरक्षा पहल के तहत, कोल माइंस पेंशन योजना के अंतर्गत न्यूनतम मासिक पेंशन को आठ मार्च 2024 से बढ़ाकर एक हजार रुपये कर दिया गया है, जिससे लगभग 40,000 पेंशनभोगियों को लाभ मिला है। सीआइएल ने कोल माइंस प्रोविडेंट फंड संगठन (सीएमपीएफओ) के सहयोग से सी-केयर्स प्लेटफार्म के माध्यम से पेंशन प्रशासन के डिजिटलीकरण को भी गति दी है।

इसके परिणामस्वरूप सेवानिवृत्ति संबंधी दावों के निपटान की औसत अवधि 30 दिनों से घटकर मात्र 10 दिन रह गई है। इसके अतिरिक्त, पेंशन संशोधन तथा संशोधित पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) को आनलाइन जारी करने के लिए नए डिजिटल मॉड्यूल विकसित किए जा रहे हैं, जिससे पेंशन से जुड़ी पूरी प्रक्रिया को निर्बाध एवं पूर्णतः पेपरलेस बनाया जा सकेगा।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सहज एवं परेशानी-मुक्त अनुभव सुनिश्चित करने के लिए सी-केयर्स पोर्टल के माध्यम से सेवानिवृत्ति के दिन ही पीपीओ जारी करने तथा कोल माइंस प्रोविडेंट फंड (सीएमपीएफ) देयों के निपटान की व्यवस्था की गई है, जबकि ग्रेच्युटी का भुगतान वैधानिक प्रविधानों के अनुरूप किया जाता है।स्वास्थ्य सेवाएं सीआइएल की सेवानिवृत्ति उपरांत कल्याण व्यवस्था का आधार हैं।

अंशदायी सेवानिवृत्ति उपरांत चिकित्सा योजना (सीपीआरएमएस) के अंतर्गत पंजीकृत लगभग 1.13 लाख सेवानिवृत्त कर्मचारियों को देशभर के 532 सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा उपलब्ध है। इस योजना के अंतर्गत सेवानिवृत्त अधिकारियों के लिए 25 लाख तथा सेवानिवृत गैर-अधिकारियों के लिए आठ लाख तक का चिकित्सा कवरेज प्रदान किया जाता है। वहीं अधिसूचित गंभीर बीमारियों के उपचार पर होने वाला व्यय इन वित्तीय सीमाओं से पृथक रखा गया है, जिससे गंभीर चिकित्सा परिस्थितियों में व्यापक वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

बंट रहा 6427 करोड़ रुपये

पेंशनधारियों को वित्त वर्ष 2025-26 में भविष्य निधि (पीएफ) का वितरण 19.5 प्रतिशत बढ़कर 13,608.8 करोड़ हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष के 11,391.6 करोड़ की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि है। इसी अवधि में पेंशन वितरण 22.9 प्रतिशत बढ़कर 6,427 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वर्ष यह 5,229.1 करोड़ था। इस प्रकार, वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान भविष्य निधि एवं पेंशन वितरण में कुल 3,415.1 करोड़ की वृद्धि दर्ज की गई।

यह अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को वित्तीय सुरक्षा, गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं तथा संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराने के प्रति सीआईएल की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

कंपनी अपने सूचीबद्ध अवकाश गृहों की सुविधाएं भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उपलब्ध कराती है, जिससे उनके समग्र कल्याण एवं सामाजिक जुड़ाव को बढ़ावा मिलता है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page