कांकेर। (सियासत दर्पण न्यूज़) कांकेर जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक में लगातार दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने ग्रामीण इलाकों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित कर दी है। कोतुलबेड़ा और कसादण्ड को जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की सड़क कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है। बीच में बनी पाइप पुलिया तेज बहाव में बह जाने से कोतुलबेड़ा, कसादण्ड और पुसावादी गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क पूरी तरह टूट गया है।
सड़क पर गहरे गड्ढे, आवागमन ठप
बारिश के कारण सड़क पर तीन से चार फीट गहरे गड्ढे बन गए हैं और कई जगह मिट्टी धंस गई है। करीब 15 मीटर तक सड़क क्षतिग्रस्त हो चुकी है। पुलिया बहने से सड़क का बड़ा हिस्सा टूट गया है। ग्रामीण फिलहाल लकड़ियों के सहारे अस्थायी रास्ता बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन आवागमन बेहद जोखिम भरा बना हुआ है।
अस्पताल और स्कूल पहुंचने में परेशानी
ग्रामीण जागेश्वर मण्डावी, मानक, राजेन्द्र आचला, सुन्दर दर्रो और रमेश आयला ने बताया कि यही एकमात्र सड़क है, जिससे वे कोयलीबेड़ा बाजार, स्कूल और अस्पताल पहुंचते हैं। सड़क टूटने के कारण गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को अस्पताल ले जाने में गंभीर दिक्कतें आ रही हैं। खेतों में तैयार धान की फसल भी नहीं लाई जा पा रही है।
पूर्व सरपंच ने लगाए लापरवाही के आरोप
क्षेत्र के भूतपूर्व सरपंच अनिल दर्रो ने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष भी इसी स्थान पर पुलिया बह गई थी, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने केवल खानापूर्ति की। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश थमते ही युद्ध स्तर पर अस्थायी मार्ग तैयार किया जाए और बाद में स्थायी पुलिया का निर्माण कराया जाए। फिलहाल कोतुलबेड़ा क्षेत्र का ब्लॉक मुख्यालय से सड़क संपर्क पूरी तरह बाधित बना हुआ है।





