नई दिल्ली,सियासत दर्पण न्यूज़:भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने देश में जल्द ही 10 और 20 रुपये के प्लास्टिक बैंक नोट जारी करने का फैसला किया है। मौद्रिक नीति समिति की बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने जानकारी दी कि सरकार ने ट्रायल के तौर पर 2 अरब पॉलीमर नोट छापने की मंजूरी दे दी है। अगर सब कुछ योजना के मुताबिक रहा, तो अगले वित्तीय वर्ष की शुरुआत में ये नोट चलन में आ जाएंगे। हालांकि, मौजूदा कागजी नोटों को बंद नहीं किया जाएगा और दोनों तरह की करेंसी बाजार में एक साथ इस्तेमाल में रहेगी।
क्यों की गई प्लास्टिक नोटों के शुरुआत ?
BI द्वारा प्लास्टिक नोटों के पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत मुख्य रूप से इनकी मजबूती और लंबी उम्र को ध्यान में रखकर की जा रही है। 10 और 20 रुपये जैसे कम मूल्यवर्ग के नोटों का दैनिक इस्तेमाल बहुत ज्यादा होता है, जिससे वे जल्दी कट-फट जाते हैं। पॉलीमर नोट कागजी नोटों की तुलना में कहीं अधिक टिकाऊ होते हैं, जिन्हें दुनिया के कई देशों में पिछले तीन दशकों से सफलता के साथ चलाया जा रहा है।
एडवांस्ड सिक्योरिटी फीचर्स वाले नोट
रिजर्व बैंक यह परीक्षण करेगा कि ये नोट भारत की जलवायु, मौसम और मौजूदा बैंकिंग बुनियादी ढांचे में कैसा प्रदर्शन करते हैं। इसके अलावा, भारत में हर साल खराब नोटों को बदलने और करेंसी के सुरक्षा फीचर्स पर हजारों करोड़ रुपये खर्च होते हैं, ऐसे में एडवांस्ड सिक्योरिटी फीचर्स वाले ये प्लास्टिक नोट न केवल सरकारी खर्च को कम करेंगे बल्कि जाली और नकली नोटों के चलन पर भी प्रभावी लगाम लगाएंगे।
ग्लोबल टेंडर जारी कर दिया
रिजर्व बैंक की नोट मुद्रण इकाई ने इस पायलट प्रोजेक्ट के लिए उच्च तकनीक वाली पॉलीमर सबस्ट्रेट शीट का ग्लोबल टेंडर जारी कर दिया है। भारतीय परिस्थितियों में परीक्षण सफल रहने के बाद इन नोटों को बड़े पैमाने पर चलन में लाया जाएगा।
सामान्यतः पूछे जाने वाले प्रश्नः
प्रश्न 1: कौन-कौन से नए प्लास्टिक नोट जारी होंगे?
उत्तर: RBI ट्रायल के तौर पर ₹10 और ₹20 के पॉलीमर (प्लास्टिक) नोट जारी करेगा।
प्रश्न 2: क्या पुराने कागजी नोट बंद हो जाएंगे?
उत्तर: नहीं, मौजूदा कागजी नोट चलन में बने रहेंगे और दोनों प्रकार की करेंसी साथ-साथ उपयोग होगी।
प्रश्न 3: प्लास्टिक नोटों का सबसे बड़ा फायदा क्या होगा?
उत्तर: ये नोट ज्यादा टिकाऊ होंगे, जल्दी खराब नहीं होंगे और इनमें बेहतर सुरक्षा फीचर्स होने से नकली नोटों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी






