Home / छत्तीसगढ़ / *शर्त जीतने की जिद, युवक की डूबकर मौत*

*शर्त जीतने की जिद, युवक की डूबकर मौत*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

अकलतरा :(सियासत दर्पण न्यूज़) ग्राम पंडरिया स्थित तालाब में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान कटघरी निवासी दीपक कंवर (25) पिता शिवनंदन सिंह कंवर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस मौके पर पहुंची और तैराकों की सहायता से शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

जानकारी के अनुसार दीपक कंवर अपने एक दोस्त के साथ सोमवार सुबह पंडरिया तालाब में नहाने गया था। बताया जा रहा है कि दोनों ने तालाब किनारे शराब का सेवन किया। इसके बाद दोनों दोस्तों के बीच तालाब के एक छोर से दूसरे छोर तक तैरकर जाने की शर्त लगी। दीपक ने तालाब में छलांग लगाकर तैरना शुरू किया, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद वह गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा। उसका दोस्त उसे बचाने के लिए पानी में उतरा, लेकिन तब तक वह गहराई में समा चुका था।

बताया जा रहा है कि संबंधित तालाब का कुछ माह पहले गहरीकरण कराया गया था, जिससे कई हिस्सों में पानी अधिक गहरा हो गया है। घटना के बाद युवक के दोस्त ने तत्काल स्वजनों और ग्राम सरपंच को सूचना दी। इसके बाद सरपंच ने अकलतरा पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय तैराकों की मदद से खोजबीन कराई, जिसके बाद कुछ समय में दीपक का शव तालाब से बरामद कर लिया गया।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम उपरांत शव स्वजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

नगरदा वाटरफाल में फिसलकर गिरने से युवक की मौत, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

सक्ती । जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल नगरदा वाटरफॉल में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में फिसलकर गिरने से एक युवक की मौत हो गई। लगातार हो रही वर्षा के कारण चट्टानों पर जमी काई और फिसलन की वजह से हुए इस हादसे ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। खास बात यह है कि पिछले एक सप्ताह के भीतर इस क्षेत्र में हुई यह दूसरी जानलेवा घटना है।

कोरबा से घूमने आया था युवक: जानकारी के अनुसार, कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम देवकमाल निवासी राहुल उर्फ रोशन पटेल (पिता बलराम पटेल) अपने दोस्तों के साथ नगरदा वाटरफॉल घूमने और स्नान करने पहुंचा था। इसी दौरान पानी के बीच बनी फिसलनभरी चट्टान पर उसका संतुलन अचानक बिगड़ गया और वह नीचे आ गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोटें आईं। साथी तुरंत उसे चांपा स्थित बीडीएम अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वाटरफॉल में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और लाइफगार्ड तैनात करने की मांग की है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page