रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर के फाफाडीह स्थित वॉलफोर्ट ओजोन में संचालित भारत ग्रुप के खिलाफ बड़ी संख्या में लोगों ने सामूहिक शिकायत की है। पीड़ित छत्तीसगढ़ के अलग-अलग जिलों से रायपुर पहुंचे। आरोप है कि कंपनी ने अगरबत्ती बनाने की मशीन, बायबैक गारंटी और रोजगार का झांसा देकर उनसे लाखों रुपए वसूल लिए।
पूरे मामले की पड़ताल के लिए दैनिक भास्कर डिजिटल की टीम भनपुरी स्थित भारत ग्रुप के गोदाम पहुंची। यहां कंपनी में काम कर रहे कर्मचारियों से बातचीत की गई और जिम्मेदार अधिकारियों से शिकायतों को लेकर उनका पक्ष भी जाना गया।
उनका कहना है कि करीब 200 लोगों ने कंपनी से मशीन खरीदी है, जिनमें से सिर्फ 22 ने ही समस्या की शिकायत की है। मशीन पूरी तरह सही तरीके से काम कर रही है। ग्राहकों को कॉन्ट्रैक्ट में तय शर्तों के अनुसार ही भुगतान किया जा रहा है।
महिलाएं कर रही थीं काम, गोडाउन अगरबत्तियों से भरा पड़ा था
करीब शाम के 5 बज रहे थे। गोडाउन के भीतर टीम पहुंची तो कुछ महिलाएं अपना टिफिन और बाकी सामान पैक कर रही थीं। शायद, इनके घर लौटने का वक्त हो चुका था। बातचीत में पुष्टि भी हो गई।
महिलाओं से बातचीत में पता चला गोडाउन में अगरबत्तियों के पैकेजिंग और ट्रांसपोर्टिंग का काम होता है। मैनुफैक्चरिंग अलग-अलग जिलों से लोग करके लाते हैं और गोडाउन में डम्प करते हैं।
इन महिलाओं से हमने उनके काम-काज और मेहनताने को लेकर भी बातचीत की, कोई शिकायत या समस्या सामने नहीं आई।
सर्विस मैनेजर ने दिए सवालों के जवाब
इसी गोडाउन के एक कॉर्नर में बड़ा बॉक्स यानी केबिन बना हुआ था। केबिन के भीतर दो महिलाएं बैठीं हुईं थी। बाहर काम कर रही महिलाओं ने बताया कि यही दोनों गोडाउन का मैनेजमेंट संभालती हैं। आरोपों पर वही जवाब दे पाएंगी।
हमने इनमें से एक को बाहर बुलाया। नाम, संस्थान जानने के बाद बातचीत की रजामंदी मिली। बाहर आई महिला ने अपना नाम निकिता शाह और डेजिगनेशन सर्विस मैनेजर बताया। इन्होंने ही सवालों के जवाब दिए। कंपनी के मालिक बाहर गए हुए थे।






