Home / Sports / *रोहित शर्मा को लेकर कैफ ने बताया गंभीर-अगरकर का पूरा मामला*

*रोहित शर्मा को लेकर कैफ ने बताया गंभीर-अगरकर का पूरा मामला*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

नई दिल्ली। (सियासत दर्पण न्यूज़) जब भी भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान रोहित शर्मा की काबिलियत पर सवाल उठाए जाते हैं, वे अपने बल्ले से करारा जवाब देकर वापसी करते हैं। इंग्लैंड दौरे के दौरान भी यही देखने को मिला। हाल ही में यह अफवाहें ज़ोरों पर थीं कि रोहित 2027 के वनडे विश्व कप का हिस्सा नहीं होंगे। इससे पहले 2025 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शुरुआती दो मैचों में उनका बल्ला शांत रहा, तो उनके संन्यास की अटकलें शुरू हो गई थीं। हालांकि, अगले ही मैच में शतकीय पारी खेलकर उन्होंने आलोचकों का मुंह बंद कर दिया था।

न्यूजीलैंड, दक्षिण अफ्रीका और अफगानिस्तान के खिलाफ खेली गई वनडे सीरीज में रोहित का प्रदर्शन औसत रहा था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ शुरुआती दो पारियों में भी वे सस्ते में पवेलियन लौट गए। नतीजतन, फिर से यह खबरें उड़ने लगीं कि लॉर्ड्स वनडे उनके करियर का आखिरी मुकाबला साबित हो सकता है। लेकिन रोहित ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर शानदार 138 रनों की पारी खेलकर न सिर्फ भारत को संभाला, बल्कि संन्यास की सभी अटकलों को भी खारिज कर दिया।

कैफ बोले- रोहित खुद फैसला लेने वाले खिलाड़ी हैं

रोहित शर्मा के इस रवैये और उनके भविष्य को लेकर पूर्व भारतीय क्रिकेटर मोहम्मद कैफ ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। कैफ का मानना है कि रोहित किसी के दबाव में आकर फैसला नहीं लेते। जब उन्हें सही लगेगा, वे खुद ही पीछे हट जाएंगे। कैफ ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, “टी20 और टेस्ट क्रिकेट से रोहित का अलग होना उनका अपना फैसला था। 2024 का टी20 विश्व कप जीतने के बाद उन्होंने युवाओं के लिए राह आसान करने का हवाला देते हुए इस प्रारूप को अलविदा कहा। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज के दौरान जब उनके बल्ले से रन नहीं निकले, तो उन्होंने खुद टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी।”

पूर्व दिग्गज ने आगे कहा, “इस बार मामला थोड़ा अलग दिखता है। रोहित अब टीम प्रबंधन, मुख्य कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर से जैसे यह कह रहे हों कि ‘अगर हिम्मत है तो मुझे ड्रॉप करके दिखाओ, भले ही यह मेरे लिए सम्मानजनक न हो, लेकिन फैसला आप ही लीजिए।’ मेरी नज़र में मौजूदा स्थिति यही इशारा करती है।”

BCCI सचिव देवजीत सैकिया के रुख की तारीफ

जब रोहित के करियर को लेकर बाजार में अफवाहों का बाजार गर्म था, तब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के सचिव देवजीत सैकिया ने सार्वजनिक रूप से बयान जारी कर इन खबरों को खारिज किया था। कैफ ने सैकिया के इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि बोर्ड के इस स्पष्ट बयान ने बेवजह की अटकलों पर विराम लगा दिया है। कैफ के मुताबिक, अब रोहित शर्मा को बिना किसी दबाव के खुलकर अपना स्वाभाविक खेल खेलने की पूरी आजादी मिलनी चाहिए।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page