रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर में कमिश्नरेट सिस्टम लागू हुए 221 दिन हो चुके हैं। इस दौरान कमिश्नरेट पुलिस की सीमा में 19 हत्याएं हो चुकी हैं। इनमें अकेले अगस्त में 10 मर्डर हुए हैं। ज्यादातर मामलों में हत्या की वजह मामूली विवाद रही। घटनाओं के बाद पुलिस ने कई मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके बावजूद लगातार हो रही हत्याओं ने शहर में चिंता बढ़ा दी है।
इन मामलों में विवाद की वजह भी बेहद मामूली रही। कहीं दूसरे युवक के साथ घूमने को लेकर विवाद हुआ, तो कहीं चार लोगों के सामने उधार के पैसे मांगने पर झगड़ा हुआ। किसी मामले में महिला दोस्त से विवाद और किसी में शादी का दबाव बनाने को लेकर हत्या कर दी गई। कुछ मामलों में निजी बातें दूसरों को बताने को लेकर भी विवाद बढ़ा और हत्या तक पहुंच गया।
कमिश्नरेट लागू होने के बाद जनवरी में पहली हत्या
कमिश्नरेट लागू होने के महज 6 दिन बाद 29 जनवरी को आजाद चौक थाना क्षेत्र के समता कॉलोनी में दुर्गेश ध्रुव की चाकू मारकर हत्या हुई। ध्रुव को चाकू मारने का कारण मामूली विवाद था।
घटना को कुछ लोग अवैध कारोबार से जोड़कर भी देख रहे थे। पुलिस ने इस मामले में आरोपियों को गिरफ्तार करके केस क्लोज कर दिया।
मार्च-अप्रैल में चाकूबाजी और पारिवारिक विवाद
28 मार्च को टिकरापारा क्षेत्र में 50 हजार रुपए के लेन-देन के विवाद में अजय अग्रवाल की चाकू मारकर हत्या हुई। अप्रैल में सिविल लाइन के जोगीनगर में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या हुई। इसी अवधि में कोतवाली क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बाद पार्वती साहू की गला घोंटकर हत्या का मामला सामने आया।
मई में पंडरी में हुआ डबल मर्डर
5 मई की रात पंडरी थाना क्षेत्र के मोवा में जितेंद्र वर्मा ने अपनी पत्नी से विवाद के बाद अपनी दो सालियों, गीतांजलि और दुर्गेश्वरी पर गोली चला दी, जिसमें गीतांजलि की मौके पर ही मौत हो गई और दुर्गेश्वरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने इस एक ही घटना में हत्या के दो मामले दर्ज किए।
जून-जुलाई में खमतराई-मुजगहन में 3 हत्याएं
21-22 जून की रात खमतराई के WRS कॉलोनी मैदान में युवक की पत्थर से कुचलकर हत्या की गई। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया।
1 जुलाई को मुजगहन क्षेत्र में भारती नेताम की गला दबाकर हत्या और 5 जुलाई को खमतराई के WRS इलाके में नंदनी जैन की हत्या का मामला सामने आया। दोनों मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।
अगस्त में सबसे ज्यादा 10 वारदातें
अगस्त में हत्या की वारदातें बढ़ी है। 8 अगस्त तक एक सप्ताह में 5 हत्याओं की वारदात सामने आई। इनमें कमिश्नरेट के खमतराई में 2, मुजगहन में एक, सरस्वती नगर में एक और आमानाका में एक मामला बताया गया।
इसके बाद 14 अगस्त को गंज थाना क्षेत्र के होटल में युवती की हत्या, 15 अगस्त को आमानाका में परमप्रीत सिंह को कार से कुचलने का मामला और 18 अगस्त को गुढ़ियारी में प्रीतम साहू की हत्या का खुलासा पुलिस ने किया।
24 अगस्त को डीडी नगर थाना क्षेत्र में एक ही रात अलग-अलग घटनाओं में 2 युवकों की हत्या हुई।






