मोहला:(सियासत दर्पण न्यूज़) महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश निर्मित अवैध शराब की तस्करी कर छत्तीसगढ़ लाए जाने का मामला सामने आया है। पाटनखास पुलिस ने बोरी-बंजारी मार्ग पर घेराबंदी कर एक कार से 20 पेटी शराब बरामद की। पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। जब्त शराब में गोवा व्हिस्की और बडवाइजर बीयर शामिल है। शराब, कार और मोबाइल समेत कुल 5.33 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को महाराष्ट्र की ओर से एक सफेद कार में बड़ी मात्रा में अवैध शराब ग्राम बंजारी की ओर लाई जा रही है। चौकी पाटनखास पुलिस की टीम ने बोरी-बंजारी मार्ग स्थित महुआ झाड़ के पास घेराबंदी की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार (एमएच 31 डीएक्स 3100) वहां पहुंची। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली तो उसमें शराब की 20 पेटियां मिलीं।
जांच में 14 पेटी गोवा व्हिस्की और छह पेटी बडवाइजर बीयर बरामद हुई। कुल शराब की मात्रा 198 बल्क लीटर बताई गई है। पुलिस ने कार चालक स्वप्निल रहिले (29), निवासी थाना देवरी, जिला गोंदिया, को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में तस्करी से जुड़े लोगों की जानकारी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ और विवेचना में शराब की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस उनकी पहचान और भूमिका की जांच करते हुए तलाश में जुटी है। मामले में अन्य आरोपितों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने मामले में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है। जब्त शराब की कीमत एक लाख 23 हजार 300 रुपये, कार की कीमत चार लाख रुपये और मोबाइल की कीमत 10 हजार रुपये बताई गई है। इस तरह कुल पांच लाख 33 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।






