रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में चार दिन के सूखे के बाद गुरुवार शाम अच्छी बारिश हुई। बारिश से लोगों को उमस से राहत मिली। हालांकि, बारिश रुकने के बाद शहर में कई जगह जाम की स्थिति बन गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, आज (11 सितंबर) प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की भी आशंका है। अगले दो दिनों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ेंगी। खासकर दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।
दक्षिण और मध्य हिस्से ज्यादा भीगेंगे
मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश का दायरा और उसकी तीव्रता दोनों बढ़ सकती हैं। कुछ इलाकों में तेज बारिश के स्पेल देखने को मिलेंगे। भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत होगी।
प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला बना रहेगा। यानी अगले दो दिन छत्तीसगढ़ में मानसून एक्टिव रहने की संभावना है।
रायपुर में बादल छाए रहेंगे, बारिश के स्पेल पड़ेंगे
दिन में कुछ समय बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
दुर्ग में 34.6 डिग्री रहा दिन का तापमान
प्रदेश में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। सबसे कम न्यूनतम तापमान भी दुर्ग में 21.8 डिग्री सेल्सियस रहा। बारिश और बादलों के असर से कई इलाकों में तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हुई।
सीजन की बारिश सामान्य से 6% कम
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में इस सीजन अब तक सामान्य से 6% कम बारिश हुई है। हालांकि, अगले दो दिनों में दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इससे बारिश की कमी का आंकड़ा कुछ कम हो सकता है। इस दौरान कई इलाकों में तेज बारिश होने से स्थानीय स्तर पर जलभराव की स्थिति भी बन सकती है।






