सियासत दर्पण न्यूज़ से बिलासपुर ब्यूरो चीफ़ डॉ शाज़िया अली खान की रिपोर्ट।
बिलासपुर:सियासत दर्पण न्यूज़,बिलासपुर के डीपी विप्र लॉ कॉलेज में जूनियर स्टूडेंट्स के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। आरोप है, सीनियर छात्रों ने जूनियर तुषार दुबे पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया। छात्र के मना करने पर उसके साथ गाली-गलौज कर लात-घूंसों से मारपीट की। मारपीट का यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर तेजी के साथ वायरल हो रहा है।
बताया जा रहा है कि महेश साहू, अखिलेश समेत करीब दर्जनभर छात्रों ने तुषार को घेर लिया था। आरोप है कि इनमें कॉलेज के वर्तमान छात्रों के साथ ऐसे युवक भी शामिल थे, जो वर्षों पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। घटना के बाद जूनियर छात्रों में डर का माहौल है। छात्रों ने मामले की रैगिंग के एंगल से भी जांच कराने की मांग की है।
आरोप के मुताबिक, सीनियर छात्रों ने तुषार पर कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ चल रहे प्रदर्शन में शामिल होने का दबाव बनाया था। तुषार ने प्रदर्शन में बैठने से इंकार कर दिया। इसके बाद उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। छात्रों का कहना है कि सीनियर होने के नाम पर जूनियर छात्रों पर दबाव बनाना और बात नहीं मानने पर मारपीट करना गंभीर मामला है।
वर्षों पुराने छात्रों के भी कैंपस में सक्रिय होने का आरोप मारपीट में ऐसे युवकों के शामिल होने का भी आरोप है, जो वर्षों पहले कॉलेज से पढ़ाई पूरी कर चुके हैं। छात्रों का आरोप है कि ये युवक अब भी कॉलेज कैम्पस में सक्रिय रहते हैं और छात्रों पर अपना प्रभाव जमाने की कोशिश करते हैं। इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
रैगिंग के एंगल से जांच की मांग
जूनियर छात्रों का कहना है कि सीनियर छात्रों की जिम्मेदारी नए बच्चों का मार्गदर्शन करने की है, न कि उन पर किसी गतिविधि में शामिल होने का दबाव बनाने की। छात्रों ने कहा कि यदि नवप्रवेशी को उसकी इच्छा के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल होने के लिए दबाव बनाया गया और इंकार करने पर मारपीट की गई, तो इसकी रैगिंग के एंगल से भी जांच होनी चाहिए।
कॉलेज कमेटी ने कार्रवाई का लिया फैसला
प्राचार्य सुषमा तिवारी ने बताया कि, कुछ पुराने छात्र चलती क्लास में घुसकर इंट्रोडक्शन लेने लगे थे। शिक्षक के मना करने के बाद वे प्रदर्शन करने लगे और छात्रों को जबरन प्रदर्शन में बैठने के लिए कह रहे थे। एक छात्र के मना करने पर उसके साथ मारपीट की गई। घटना के बाद तत्काल कॉलेज कमेटी की बैठक हुई। उन्होंने बताया कि जबरन विवाद करने वाले पुराने छात्रों पर कार्रवाई का निर्णय लिया गया है। उनके कॉलेज में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। साथ ही मामले की जानकारी बार काउंसिल को भेजकर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा।
पुलिस ने कहा- कॉलेज प्रबंधन से लिखित जानकारी मिलने के बाद कार्रवाई
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि मामला कॉलेज कैंपस का है। गवर्निंग बॉडी की ओर से लिखित जानकारी मिलने के बाद FIR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रबंधन ने छात्र के आवेदन पर कार्रवाई करने के लिए कहा है। शाम तक मामले की पूरी जानकारी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सियासत दर्पण न्यूज़ चैनल से बिलासपुर ब्यूरो चीफ़ डॉ शाज़िया अली खान की रिपोर्ट।





