Home / राजधानी / *रायपुर में शेयर ट्रेडिंग के नाम 96 लाख की ठगी*

*रायपुर में शेयर ट्रेडिंग के नाम 96 लाख की ठगी*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर में शेयर ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर प्रॉपर्टी कारोबारी से 96 लाख रुपए की साइबर ठगी हुई है। इंस्टाग्राम पर शेयर ट्रेडिंग से जुड़ी रील देखने के बाद आरोपियों ने उन्हें वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा। इसके बाद निवेश के नाम पर अलग-अलग खातों में पैसे जमा कराए गए। मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का है।

दरअसल, शंकर नगर निवासी कारोबारी विशाल बरड़िया ने शिकायत में बताया कि, 8 अगस्त को उसे एक महिला के नाम से चल रहे मोबाइल नंबर से ‘जीएल 632-एनएएम एलीट कनेक्ट प्लेटफॉर्म’ नाम के वॉट्सऐप ग्रुप में जोड़ा गया। आरोपियों ने इसे नुवामा ट्रेडिंग एंड एसेट मैनेजमेंट कंपनी का प्लेटफॉर्म बताया। ग्रुप एडमिन खुद को प्रोफेसर बताता था।

ग्रुप में रोज दोपहर 2:30 बजे किसी कंपनी के शेयर खरीदने का मैसेज भेजा जाता था। अगले दिन सुबह 9:15 बजे शेयर का भाव बढ़ने पर उसे बेचने के निर्देश दिए जाते थे। 12 अगस्त को कारोबारी का ट्रेडिंग रजिस्ट्रेशन हुआ और 13 अगस्त से उन्होंने निवेश शुरू किया।

96 लाख लगाए, ऐप में 1.90 करोड़ दिखा

कारोबारी के मुताबिक, 3 सितंबर तक उन्होंने करीब 96 लाख रुपए निवेश कर दिए। आरोपियों के बताए ऐप में उनके निवेश पर मुनाफा जोड़कर करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपए की रकम दिखाई जा रही थी। 28 अगस्त को उन्होंने अपने खाते से 80 लाख रुपए निकालने का अनुरोध किया।

इसके बाद आरोपियों ने बिना अनुमति कथित आईपीओ में 14.40 लाख शेयर खरीदने का दावा किया। इसकी कीमत करीब 3.60 करोड़ रुपए बताई गई और कारोबारी के ऐप खाते में मौजूद करीब 1.89 करोड़ रुपए फ्रीज कर दिए गए।

रुपए निकालने के लिए मांगे और पैसे

आरोपियों ने कहा कि, रकम निकालने के लिए खाते में 3.60 करोड़ रुपए पूरे करने होंगे। इसके लिए 1.50 करोड़ रुपए के लोन का ऑफर भी दिया गया। साथ ही दावा किया कि बाकी रकम जमा करने पर मुनाफा बढ़कर 18.74 करोड़ रुपए हो जाएगा।

इसके बाद कारोबारी को ठगी का शक हुआ। उन्होंने 1930 साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई और संबंधित बैंक को भी सूचना दी। पुलिस से आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करने, संबंधित बैंक खातों को फ्रीज कराने और रकम वापस दिलाने की मांग की गई है। शिकायत में कारोबारी ने बताया कि रकम लेने के बाद आरोपियों ने फोन करना भी बंद कर दिया।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page