रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) बिना टिकट ट्रेन में सफर करने वाले यात्रियों पर रेलवे ने कार्रवाई की है। रायपुर और तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार और शनिवार को दो दिन टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान 543 यात्री बिना टिकट, गलत टिकट, ज्यादा सामान और गंदगी फैलाते पकड़े गए।
रेलवे ने इनसे कुल 3 लाख 81 हजार 320 रुपए का जुर्माना वसूला। इनमें अकेले बिना टिकट सफर करने वाले 297 यात्री थे। रायपुर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म के साथ 16 ट्रेनों और तिल्दा-नेवरा स्टेशन पर 6 ट्रेनों में टिकट चेक किए गए।
बिना टिकट यात्रा करते मिले 297 यात्री
चेकिंग के दौरान 297 यात्री बिना टिकट यात्रा करते पकड़े गए। इनसे रेलवे ने 2 लाख 54 हजार 690 रुपए वसूले। इसके अलावा 155 यात्री गलत या अनियमित टिकट के साथ यात्रा करते मिले। इनसे 89 हजार 674 रुपए वसूले गए।
89 यात्री तय सीमा से ज्यादा सामान लेकर यात्रा कर रहे थे। इनसे 10 हजार 445 रुपए लिए गए। वहीं, ट्रेन या रेलवे परिसर में गंदगी फैलाने के 2 मामलों में 2 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
19 कर्मचारियों और 2 RPF जवानों ने की चेकिंग
इस अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद, मुख्य टिकट निरीक्षक और टिकट चेकिंग से जुड़े अधिकारियों के साथ 19 टिकट चेकिंग कर्मचारी और 2 RPF जवान शामिल रहे।
रेलवे ने यात्रियों से क्या कहा?
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सफर करने से पहले सही टिकट जरूर लें। स्टेशन पर जाने के लिए प्लेटफॉर्म टिकट जरूरी हो तो उसे भी खरीदें। ट्रेन और स्टेशन परिसर में गंदगी न फैलाएं।
रेलवे का कहना है कि यात्रियों को सही टिकट लेकर सही कोच में बैठने के लिए समय-समय पर ऐसे अभियान चलाए जाते हैं। रेलवे ने यात्रियों से टिकट चेकिंग में सहयोग करने की अपील भी की है।






