रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर में गणेश उत्सव के बाद अब नवरात्रि, दशहरा और दीपावली जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं। इसे देखते हुए शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को लेकर महापौर ने नगर निगम अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं।
महापौर ने कहा कि शहर के किसी भी मुख्य मार्ग पर एक भी स्ट्रीट लाइट बंद नहीं मिलनी चाहिए। अधिकारियों को लगातार मॉनिटरिंग कर मुख्य मार्गों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं
दरअसल, महापौर ने नगर निगम मुख्यालय में विद्युत विभाग और सभी जोन की विद्युत टीमों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने शहर की मौजूदा प्रकाश व्यवस्था पर नाराजगी जताई।
उन्होंने त्योहारों को देखते हुए सभी मुख्य मार्गों की स्ट्रीट लाइट प्राथमिकता से दुरुस्त करने और नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
रात में जोन की टीमें करेंगी निरीक्षण
महापौर ने कहा कि मुख्य मार्गों पर स्ट्रीट लाइट बंद होने या अंधेरा रहने की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। इसके लिए सभी जोन की विद्युत शाखाओं को रात में वार्डों के मुख्य मार्गों का निरीक्षण करने और बंद लाइटों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं।
स्ट्रीट लाइट बंद होने की शिकायतों को भी तत्काल संज्ञान में लेकर सुधार कराने को कहा गया है। महापौर ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान शहर में लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, इसलिए प्रकाश व्यवस्था में लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ठेकेदारों ने बताई काम में आ रही दिक्कत
बैठक में विद्युत ठेकेदारों ने कुछ जोन में काम के दौरान आ रही व्यवहारिक परेशानियों की जानकारी महापौर को दी। ठेकेदारों ने बताया कि कई जगह पुरानी और खराब विद्युत सामग्री के कारण स्ट्रीट लाइट सुधारने में दिक्कत आती है।
ठेकेदारों ने अपने लंबित भुगतान का मुद्दा भी उठाया। इस पर महापौर ने अधिकारियों को नियमानुसार प्रक्रिया के तहत लंबित देयकों के भुगतान की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सामान और पुराने कामों की मांगी रिपोर्ट
महापौर ने विद्युत विभाग और जोन कार्यालयों में उपलब्ध सामग्री तथा पहले किए गए स्ट्रीट लाइट सुधार और संधारण कार्यों की जानकारी भी मांगी है। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग कर शहर की प्रकाश व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।






