Home / छत्तीसगढ़ / *बाइक सीट पर स्टंट, राहगीरों की जान खतरे में*

*बाइक सीट पर स्टंट, राहगीरों की जान खतरे में*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

बिलासपुर:(सियासत दर्पण न्यूज़) शहर की व्यस्त सड़कों पर बाइक से खतरनाक स्टंट करते एक युवक का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ है। युवक बाइक की सीट पर खड़े होकर और कभी हैंडल छोड़कर सड़क पर बाइक दौड़ाता नजर आ रहा है। उसके पीछे चल रहे लोग अलग-अलग स्थानों पर उसका वीडियो बनाते रहे। वीडियो में युवक कैमरा लेकर चल रहे लोगों की ओर इशारे करता भी दिखाई दे रहा है। देर रात वीडियो प्रसारित होने के बाद शहर में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

वीडियो में युवक जेल रोड, लिंक रोड, मिशन अस्पताल रोड और सदर बाजार रोड पर बाइक से स्टंट करता नजर आ रहा है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि इन सड़कों पर सामान्य रूप से वाहनों और पैदल लोगों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद युवक बेखौफ होकर बाइक की सीट पर खड़ा होकर वाहन चलाता रहा।

कई बार वह दोनों हाथों से हैंडल छोड़कर स्टंट करता दिखाई दे रहा है। युवक के पीछे चल रहे लोग लगातार इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बनाते रहे। इस दौरान युवक वीडियो बनाने वालों की ओर देखकर अलग-अलग इशारे भी करता रहा। स्टंट के दौरान बाइक का संतुलन बिगड़ने पर युवक के साथ ही आसपास चल रहे दूसरे वाहन चालक और राहगीर भी दुर्घटना की चपेट में आ सकते थे।

स्टंट के लिए सड़क का इस्तेमाल क्यों

सड़क पर बाइक से स्टंट करना केवल वाहन चालक के लिए ही नहीं, बल्कि आसपास चल रहे लोगों के लिए भी खतरा पैदा करता है। सार्वजनिक सड़कें वाहन चलाने के लिए होती हैं, करतब दिखाने के लिए नहीं। प्रसारित वीडियो में युवक जिस तरह सीट पर खड़े होकर और हैंडल छोड़कर बाइक चला रहा है, उससे अचानक संतुलन बिगड़ने पर गंभीर हादसा हो सकता था।

अधिकारियों ने कहा होगी कार्रवाई

शहर की प्रमुख सड़कों पर लगातार स्टंट करते युवक का वीडियो सामने आने के बाद अब यातायात पुलिस की कार्रवाई पर नजर है। एएसपी रामगोपाल करियारे ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहे स्थानों के आधार पर युवक की पहचान की जा रही है। पुलिस आमतौर पर ऐसे मामलों में वीडियो की जांच कर वाहन और चालक की पहचान करती है। इसके बाद यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई के साथ अन्य वैधानिक कार्रवाई भी की जा सकती है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page