जशपुरनगरः(सियासत दर्पण न्यूज़) सोमवार से होने वाली बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल से पहले बैंकों ने उपभोक्ताओं को राहत देते हुए रविवार को बैंकों को खुला रखने का निर्णय लिया है। स्टेट बैंक आफ इंडिया के शाखा प्रबंधक समीर कुमार ने बताया कि रविवार को बैंक में सामान्य दिनों की तरह कार्य होगा।
जिले के 23 बैंकों के 97 ब्रांचों में अधिकारी व कर्मचारी ग्राहकों के लिए लेन-देन का काम निबटाएंगें। उन्होनें बताया कि बैंक प्रबंधन ने सोमवार से सार्वजनिक बैंकों की तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए यह व्यवस्था की है।
उल्लेखनीय है कि पांच सूत्रीय मांगों को लेकर यूनाईटेड फोरम आफ बैंक यूनियन्स ने सोमवार 28 सितंबर से बुधवार 30 सितंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का आह्वान किया है। इस दौरान देश भर के सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक बंद रहेगें। हड़ताल से पहले 26 अक्टूबर को महिने के चौथा शनिवार होने के कारण बैंकों में अवकाश रहेगा।
ऐसे में रविवार को अवकाश होने से बैंकों में पांच दिन तक ताला लटकने की स्थिति बन गई थी। इससे बैंकों से होने वाले लेन-देन प्रभावित होने के साथ ही ग्राहकों को असुविधा होने की स्थिति बन गई थी। इससे राहत देने के लिए रविवार को बैंकों में कामकाज संचालित करने का निर्णय लिया गया है।
एटीएम में कैश आपूर्ति की व्यवस्था एसबीआई के शाखा प्रबंधक समीर कुमार ने बताया कि तीन दिवसीय हड़ताल के दौरान सार्वजनिक बैंक बंद रहेगें। लेकिन इस दौरान लोग एटीएम और यूपीआई के माध्यम से अपने जरूरी लेन-देन जारी रख सकेगें। उन्होनें बताया कि जिले के सभी 23 बैंकों के एटीएम में कैश की उपलब्धता सुनिश्चित करने की व्यवस्था की गई है।
कैश आपूर्ति करने वाली कंपनी को तीन दिन के दौरान कैश आपूर्ति करने के साथ ही बैंकों के प्रबंधकों के साथ भी चर्चा की गई है।






