Home / राजधानी / *25 करोड़ रंगदारी केस में शोएब ढेबर फरार*

*25 करोड़ रंगदारी केस में शोएब ढेबर फरार*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर में कांग्रेस नेता आनंद कुकरेजा से 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी शोएब ढेबर की तलाश जारी है। रायपुर पुलिस ने बुधवार को पाम बेलाजिओ स्थित उसके ठिकाने, बैरन बाजार के पारिवारिक आवास समेत करीब आधा दर्जन जगहों पर दबिश दी।

हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही शोएब वहां से निकल गया था। ऐसे में पुलिस को शोएब के दूसरे राज्य में जाने की भी आशंका है। पुलिस अब उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उसके बारे में जानकारी जुटा रही है। इधर, रेड की सूचना लीक करने के आरोप में एक कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच कर दिया गया है।

दबिश की जानकारी लीक होने के आरोप में कॉन्स्टेबल लाइन अटैच

जानकारी के मुताबिक, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट में तैनात कॉन्स्टेबल शिवम द्विवेदी को डीसीपी क्राइम ने लाइन अटैच कर दिया है। उस पर पुलिस की दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी लीक होने में लापरवाही बरतने का आरोप है।

हालांकि, कॉन्स्टेबल को लाइन अटैच किए जाने की कार्रवाई की पुलिस अधिकारियों ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पुलिस को शक, पहले ही पहुंच गई थी दबिश की जानकारी

पुलिस को आशंका है कि शोएब ढेबर को कार्रवाई की जानकारी पहले ही मिल गई थी। इसके बाद उसने अपने संभावित ठिकाने बदल दिए। अब जांच की जा रही है कि दबिश से जुड़ी गोपनीय जानकारी पुलिस विभाग में किस स्तर से बाहर गई और आरोपी तक कैसे पहुंची।

कोर्ट से दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति

अदालत से शोएब को दोबारा गिरफ्तार करने की अनुमति मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश तेज कर दी है। पुलिस उसके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। दूसरे राज्यों में भी उसके संभावित ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।

14 सितंबर को आया था धमकी भरा मैसेज

पुलिस के मुताबिक, 14 सितंबर को आनंद कुकरेजा को विदेशी नंबर से वॉट्सऐप के जरिए धमकी दी गई थी। इसमें 25 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का आरोप है। रकम नहीं देने पर कुकरेजा और उनके परिवार को धमकी देने की बात सामने आई थी।

जांच में शोएब ढेबर की भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया था। बाद में उसे छोड़ना पड़ा। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट से उसकी दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति ली। अब शोएब की तलाश के साथ गोपनीय सूचना लीक होने के मामले की भी जांच की जा रही है।

इससे पहले पूर्व महापौर से भी 50 करोड़ मांगे थे

इससे पहले बिश्नोई गैंग और अमन साव गैंग के नाम से पूर्व महापौर एजाज ढेबर से भी 50 करोड़ रुपए की मांग की गई थी। इस मामले में एजाज ढेबर ने कोतवाली थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।

पुलिस अब दोनों मामलों के बीच किसी तरह का कनेक्शन है या नहीं, इसकी भी जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस ने पूछताछ से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page