Home / chhattisgarh / *गर्लफ्रेंड को गाली देने पर युवक की हत्या*

*गर्लफ्रेंड को गाली देने पर युवक की हत्या*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्या के मामले का राजफाश करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस वारदात में महिला मित्र को गाली देने को लेकर हुए विवाद में किशन राजपूत, रोशन ध्रुव और एक नाबालिग ने मिलकर 19 वर्षीय रमेश कोल की हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को झाड़ियों में छिपा दिया गया था। बाहनाकाडी गांव की झाड़ियों में लकड़ी बीनने गई महिलाओं ने एक शव देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मंदिर हसौद थाना पुलिस की टीम, डॉग स्क्वाड, फॉरेंसिक और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। झाड़ियों में पड़े शव की शिनाख्त करते हुए पुलिस ने मृतक की पहचान रमेश कोल के रूप में की। रमेश दुबे गिट्टी खदान में हाईवा हेल्पर के रूप में काम करता था। जांच में पता चला कि रमेश को आखिरी बार किशन राजपूत, रोशन ध्रुव और एक नाबालिग के साथ देखा गया था। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें वारदात की पूरी कहानी सामने आई। पूछताछ में किशन राजपूत ने बताया कि रमेश ने उसकी महिला मित्र के खिलाफ अशोभनीय भाषा का इस्तेमाल किया था। इस बात से किशन बेहद नाराज था। 25 नवंबर की रात, किशन ने अपने साथी रोशन और नाबालिग के साथ रमेश को बुलाया। वहां उन्होंने उसे इस हरकत के लिए डांटा और ऐसा दोबारा न करने की चेतावनी दी। हालांकि, बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और बहस हाथापाई में बदल गई। गुस्से में, किशन और उसके साथियों ने लकड़ी के डंडे से रमेश के सिर पर कई बार वार किया। ताबड़तोड़ हमलों से रमेश की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद, आरोपियों ने अपने जुर्म को छिपाने के लिए रमेश के शव को घसीटकर पास की झाड़ियों में छिपा दिया। इसके बाद वे मौके से फरार हो गए। जांच के दौरान, पुलिस ने सबूतों को खंगाला और गवाहों से पूछताछ की। तीनों आरोपियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने किशन राजपूत, रोशन ध्रुव और नाबालिग के खिलाफ हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page