*पाकिस्तान के सेना प्रमुख Asim Munir ने उगला जहर*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

इस्लामाबाद। (सियासत दर्पण न्यूज़)  पाकिस्तान के सेना प्रमुख जनरल असीम मुनीर ने पाकिस्तान बनने की कहानी का जिक्र करते हुए हिंदुओं पर टिप्पणी की। पाकिस्तान में प्रवासियों के सम्मेलन ने दो राष्ट्र सिद्धांत (टू नेशन थ्योरी) को सही ठहराते हुए जनरल मुनीर ने कहा कि भारत और पाकिस्तान दो अलग-अलग राष्ट्र हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि हिंदू हर मामले में पाकिस्तान से अलग हैं। जनरल मुनीर ने कहा, ‘आपको अपने बच्चों को पाकिस्तान की कहानी सुनानी चाहिए ताकि वे पाकिस्तान की कहानी न भूलें। हमारे पूर्वजों ने सोचा था कि वे जीवन के हर संभव पहलू में हिंदुओं से अलग हैं। हमारा धर्म अलग है, हमारे रीति-रिवाज अलग हैं, हमारी परंपराएं अलग हैं, हमारे विचार अलग हैं, हमारी महत्वाकांक्षाएं अलग हैं।’ उन्होंने कहा, ‘यही बात दो राष्ट्र सिद्धांत की नींव थी। हम दो राष्ट्र हैं। हम एक राष्ट्र नहीं हैं। इसलिए हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया, इस देश को बनाने के लिए निरंतर संघर्ष किया। हमारे पूर्वजों ने बहुत कुर्बानियां दी हैं और हमने इस देश के निर्माण के लिए बहुत त्याग किया है और हम जानते हैं कि इसकी रक्षा कैसे करनी है।’ जनरल मुनीर ने इस दौरान कश्मीर और बलूचिस्तान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कश्मीर को दुनिया की कोई ताकत पाकिस्तान से अलग नहीं कर सकती है। इस पर पूरे देश को एकजुट रहना चाहिए। जनरल मुनीर ने बलूचिस्तान में सक्रिय आतंकवादी समूहों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्णायक कार्रवाई की कसम खाई और कहा कि आतंकवादियों की दस पीढ़ियां भी बलूचिस्तान और पाकिस्तान को नुकसान नहीं पहुंचा सकतीं। संबोधन में सेना प्रमुख ने इस आशंका को खारिज कर दिया कि 1500 आतंकवादी देश के भविष्य की दिशा बदल सकते हैं। उन्होंने कहा, हम बहुत जल्द इन आतंकवादियों को धूल चटा देंगे। क्या दुश्मन सोचते हैं कि मुट्ठी भर आतंकवादी पाकिस्तान का भाग्य तय कर सकते हैं? जनरल मुनीर ने इस बात पर जोर दिया कि जब तक जनता का साथ सेना को हासिल है, मुल्क किसी भी चुनौती से पार पा सकेगा। उन्होंने कहा, आज हम एक साथ यह स्पष्ट संदेश दे रहे हैं कि पाकिस्तान की प्रगति के रास्ते में जो भी बाधा है, हम उसे एक साथ दूर करेंगे। सवाल यह नहीं है कि पाकिस्तान कब विकसित होगा, बल्कि यह है कि पाकिस्तान कितनी तेजी से विकास करता है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page