Home / राजधानी / *राजधानी रायपुर में एक बार फिर शोएब ढेबर पर FIR दर्ज*

*राजधानी रायपुर में एक बार फिर शोएब ढेबर पर FIR दर्ज*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी रायपुर में एक बार फिर शराब कारोबारी अनवर ढेबर के बेटे और पूर्व महापौर एजाज ढेबर के भतीजे शोएब ढेबर का नाम विवादों में सामने आया है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में स्कूल संचालक आरबी मिश्रा की गाड़ी को टक्कर मारने, गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने शोएब ढेबर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल आरोपी की तलाश की जा रही है।

यह घटना 6 फरवरी की रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि सड़क के बीच विवाद हो रहा है और आरोपी आक्रामक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया, जिसके बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। तेलीबांधा पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता आरबी मिश्रा विधायक कॉलोनी, मकान नंबर 1/9, तेलीबांधा के निवासी हैं और विशेष बच्चों का एक स्कूल संचालित करते हैं। आरबी मिश्रा ने पुलिस को बताया कि 6 फरवरी की रात वह विधायक कॉलोनी से वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर दर्शन के लिए गए थे। दर्शन के बाद जब वह अपनी कार क्रमांक CG-04-PY-5003 के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही एक इडिवर कार ने लापरवाहीपूर्वक उनकी गाड़ी को स्क्रेच मार दिया।

कार रोककर जब आरबी मिश्रा ने चालक से सावधानी से गाड़ी चलाने की बात कही, तो कार चला रहे शोएब ढेबर बीच सड़क में गाड़ी रोककर उनसे गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि इस दौरान शोएब ने न केवल अपशब्द कहे, बल्कि जान से मारने की धमकी भी दी। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। घटना के बाद आरबी मिश्रा सीधे तेलीबांधा थाना पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शोएब ढेबर के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर जांच की जा रही है और आरोपी की तलाश जारी है।

गौरतलब है कि शोएब ढेबर का नाम इससे पहले भी कई विवादित मामलों में सामने आ चुका है। 7 अगस्त 2025 को वह बिना अनुमति जेल परिसर के भीतर मुलाकात कक्ष में घुस गया था। इस दौरान उसने जेल कर्मचारियों के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। इस घटना को जेल प्रशासन ने गंभीरता से लिया और शोएब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। जेल अधीक्षक के आदेश में कहा गया था कि इस तरह की घटना से न केवल जेल की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई, बल्कि जेल संचालन में भी बाधा उत्पन्न हुई। इसके बाद जेल प्रशासन ने शोएब पर किसी भी कैदी से मुलाकात करने पर प्रतिबंध लगा दिया था। पहले तीन महीने के लिए बैन लगाया गया और बाद में जेल प्रहरी की शिकायत पर गंज थाना पुलिस ने उसके खिलाफ केस भी दर्ज किया था।

इसके अलावा 19 सितंबर 2024 को भी शोएब ढेबर का नाम जूक क्लब में हुए मारपीट के एक मामले में सामने आया था। बताया गया था कि पार्किंग में गाड़ी रिवर्स करने को लेकर हुए विवाद के बाद शोएब ने एक कारोबारी के साथ मारपीट की थी। पीड़ित की शिकायत पर तेलीबांधा पुलिस ने आरोपी शोएब को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इतना ही नहीं, करीब पांच साल पहले भी शोएब ढेबर की गिरफ्तारी फायरिंग के एक मामले में हो चुकी है। रायपुर के आईपी क्लब में शोएब और उसके साथियों ने कुछ युवकों के साथ मारपीट की थी, जिसके बाद फायरिंग की घटना भी सामने आई थी। मंदिर हसौद थाने में दर्ज शिकायत के आधार पर शोएब के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी और उसे गिरफ्तार किया गया था। लगातार विवादों और आपराधिक मामलों में नाम आने के बावजूद शोएब ढेबर का फिर से इस तरह की घटना में शामिल होना शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद लोग कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठा रहे हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में निष्पक्ष जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page