*महासमुंद में घरेलू गैस के लिए अब जरूरी होगा OTP*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

महासमुंद। (सियासत दर्पण न्यूज़) जिले में घरेलू गैस सिलिंडर अब बिना ओटीपी के नहीं मिलेगा। नई व्यवस्था लागू होने के बाद उपभोक्ताओं को गैस वितरण के समय मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी बताना अनिवार्य कर दिया गया है। दूसरी ओर कॉमर्शियल सिलिंडर के लिए नए पंजीयनों की संख्या तेजी से बढ़ने से मांग में अचानक इजाफा हुआ है। इसके चलते गैस एजेंसियों में रोजाना सिलिंडर लेने वालों की लाइन लग रही है।

जानकारी के अनुसार जिले के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फिलहाल उनकी कुल मांग का लगभग 40 फीसदी कॉमर्शियल सिलिंडर ही मिल पा रहा है।
19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलिंडर की मांग बढ़ी

पहले कई होटल व रेस्टोरेंट 14 किलो वाले घरेलू सिलिंडर का उपयोग करते थे, लेकिन अब नियमों में सख्ती आने से 19 किलो वाले कॉमर्शियल सिलिंडर की मांग बढ़ गई है। इससे कॉमर्शियल गैस की खपत लगभग दोगुनी हो गई है।

बताया जा रहा है कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईंधन आपूर्ति को लेकर बनी आशंकाओं के बाद घरेलू व कॉमर्शियल सिलिंडरों की बुकिंग तथा सप्लाई के नियमों में बदलाव किया गया। इसके बाद बड़ी संख्या में व्यापारियों ने कॉमर्शियल सिलिंडर के लिए नए रजिस्ट्रेशन कराए हैं।

हालांकि मांग के अनुसार आपूर्ति नहीं होने से कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उल्लेखनीय है कि आगामी दिनों में बिना डीएसी नंबर और सत्यापन प्रक्रिया पूरी किए सिलिंडर प्राप्त करना कठिन हो सकता है। इसी कारण नए पंजीयन कराने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
जरूरत और उपलब्धता के अनुसार उपलब्ध करा रहे सिलिंडर

जिले के सरकारी छात्रावास, रेस्ट हाउस, सर्किट हाउस, बाल संप्रेषण गृह तथा जेल जैसे संस्थानों में भी बिना सब्सिडी वाले घरेलू और कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति की जाती है। इन स्थानों पर गैस की खपत निश्चित नहीं रहती, इसलिए जरूरत और उपलब्धता के अनुसार सिलिंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

गैस एजेंसी संचालक धर्मेंद्र महोबिया, पंकज चंद्राकर और सतपाल सिंह पाली ने बताया कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होते ही स्थिति सामान्य हो जाएगी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग सिलिंडर की कमी और आपूर्ति बाधित होने की अफवाह फैलाकर मुनाफाखोरी का प्रयास कर रहे हैं।

प्रशासन द्वारा मांग और आपूर्ति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। एजेंसी संचालकों ने यह भी कहा कि कोई सिलेंडर के अधिक दाम मांगे तो इसकी तुरंत सूचना दें।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page