Home / राजधानी / *2 अवैध मकान ढहाए, नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना*

*2 अवैध मकान ढहाए, नियम तोड़ने वालों पर जुर्माना*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़)  रायपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर निगम का अभियान जारी है। निगम की जोन-8 टीम ने रायपुरा स्थित डुप्सा तालाब के पास चल रहे करीब 1100 वर्गफीट के अवैध निर्माण को तोड़ दिया। इसके अलावा वृंदावन कॉलोनी में बिना अनुमति बनाए जा रहे दो मकानों पर भी बुलडोजर चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान निर्माण कार्यों में नियमों की अनदेखी करने वाले लोगों पर जुर्माना भी लगाया गया। सड़क पर निर्माण मलबा (सी एंड डी वेस्ट) फैलाने और ग्रीन नेट लगाए बिना निर्माण कराने वालों से कुल 7 हजार रुपए का जुर्माना वसूला गया।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार संत रविदास वार्ड क्रमांक-70 में रायपुरा स्थित डुप्सा तालाब के पास करीब 1100 वर्गफीट क्षेत्र में बिना अनुमति निर्माण किया जा रहा था। शिकायत और जांच के बाद निगम की टीम मौके पर पहुंची और निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई की।

वृंदावन कॉलोनी में दो मकान ढहाए

निगम की टीम ने इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के पास स्थित वृंदावन कॉलोनी में भी कार्रवाई की। यहां करीब 1000-1000 वर्गफीट क्षेत्र में दो मकान बिना स्वीकृति के बनाए जा रहे थे। निगम ने दोनों निर्माणों को अवैध पाते हुए तोड़ दिया।

मलबा सड़क पर फेंकने वालों पर जुर्माना

इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न वार्डों में निर्माण कार्यों की भी जांच की गई। कई जगहों पर सड़क पर सी एंड डी वेस्ट (निर्माण मलबा) फैला मिला। वहीं कुछ निर्माण स्थलों पर धूल रोकने के लिए ग्रीन नेट भी नहीं लगाया गया था। निगम ने ऐसे मामलों में ई-चालान जारी करते हुए संबंधित लोगों से कुल 7 हजार रुपए का जुर्माना वसूला।

लगातार चल रहा है अभियान

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि बिना अनुमति निर्माण, सड़क पर मलबा फैलाने और निर्माण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page