दंतेवाड़ा। (सियासत दर्पण न्यूज़) जिला मुख्यालय से महज 24 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम मेटापाल पिछले तीन दिनों से बिजली, मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा से वंचित है। बिजली गुल होने से गांव में पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई है, जिससे ग्रामीणों के साथ अस्पताल, आश्रम-छात्रावास और अन्य शासकीय संस्थानों में परेशानी बढ़ गई है।
लगातार बारिश के कारण सोलर सिस्टम भी पर्याप्त चार्ज नहीं हो पा रहे हैं, जबकि अधिकांश संस्थानों में जनरेटर जैसी वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध नहीं है। अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं सीमित संसाधनों के सहारे संचालित हो रही हैं और छात्रावासों में बच्चों की पढ़ाई व दैनिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।
बिजली और नेटवर्क ठप होने से बढ़ी परेशानी
मोबाइल नेटवर्क और इंटरनेट सेवा बंद होने से ऑनलाइन बैंकिंग, डिजिटल भुगतान, शासकीय कार्य और आपातकालीन संचार भी प्रभावित हो रहे हैं। ग्रामीणों को जरूरी सेवाओं के लिए भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने की जल्द समाधान की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल करने, मोबाइल नेटवर्क सुचारु कराने तथा अस्पतालों और छात्रावासों में स्थायी बैकअप बिजली व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।






