रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ की पात्र महिलाओं के लिए अच्छी खबर है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से महतारी वंदन योजना (Mahtari Vandan Yojana) की 30वीं किस्त जारी करेंगे। आधिकारिक कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 1:30 बजे आयोजित कार्यक्रम में योजना की पात्र हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में राशि अंतरित करेंगे।
मुख्यमंत्री निवास से होगा राशि का हस्तांतरण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से आयोजित कार्यक्रम के दौरान योजना की 30वीं किस्त जारी करेंगे। इसके बाद पात्र महिलाओं के बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से राशि भेजी जाएगी। राज्य सरकार इस योजना के जरिए महिलाओं को नियमित आर्थिक सहायता उपलब्ध करा रही है।
ऐसे चेक करें महतारी वंदन योजना का भुगतान
योजना का लाभ लेने वाली महिलाएं अपनी भुगतान स्थिति ऑनलाइन भी देख सकती हैं। इसके लिए सबसे पहले महतारी वंदन योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। इसके बाद होम पेज पर ‘आवेदन एवं भुगतान की स्थिति’ विकल्प पर क्लिक करें। यहां लाभार्थी नंबर (Beneficiary Code) या मोबाइल नंबर दर्ज करें। फिर कैप्चा कोड भरकर Submit करें। इसके बाद आवेदन और भुगतान से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई दे जाएगी।
मार्च 2024 से लागू है योजना
महतारी वंदन योजना 1 मार्च 2024 से पूरे छत्तीसगढ़ में लागू है। योजना के तहत 21 वर्ष या उससे अधिक आयु की पात्र विवाहित महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है।
महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण पर जोर
राज्य सरकार के अनुसार इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आर्थिक संबल प्रदान करना है, ताकि वे परिवार के पालन-पोषण, बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य देखभाल, कुपोषण और एनीमिया की रोकथाम जैसी आवश्यकताओं को बेहतर तरीके से पूरा कर सकें। इसके साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार और आय बढ़ाने वाली गतिविधियों के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
सरकार का मानना है कि महतारी वंदन योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।






