बिलासपुर। (सियासत दर्पण न्यूज़) ईस्ट कोस्ट रेलवे ने यात्रियों की सुविधा एवं परिचालन व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से पुरी व भुवनेश्वर स्टेशनों पर समाप्त होने वाली ट्रेनों के आगमन समय में आंशिक संशोधन करने का निर्णय लिया है। जिनमें दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से संबंधित 10 ट्रेनें शामिल हैं।
जिन ट्रेनों के समय में बदलाव हुआ है, उनमें 14 सितंबर से 18478 योगनगरी ऋषिकेश-पुरी उत्कल एक्सप्रेस 3:25 बजे के स्थान पर 3.35 बजे पुरी स्टेशन पहुंचेगी इसी तिथि से 20814 जोधपुर-पुरी एक्सप्रेस 10 बजे के स्थान पर 10.45 बजे पुरी स्टेशन पहुंचेगी।
इन ट्रेनों के आगमन समय में हुआ आंशिक संशोधन
वहीं 16 सितंबर से 20917 इंदौर-पुरी हमसफर एक्सप्रेस 18:45 बजे की जगह 19:00 बजे और 15 सितंबर से 12145 एलटीटी-पुरी एक्सप्रेस 6:35 बजे के स्थान पर 6:45 बजे पुरी स्टेशन पहुंचेगी। इसके अलावा 13 सितंबर से 20862 अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस 6:40 बजे की जगह 6:45 बजे , 14 सितंबर से 12844 अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस 8:05 बजे की बजाय 8:35 बजे और 17 सितंबर से 20824 अजमेर-पुरी एक्सप्रेस 14:40 बजे के स्थान पर 15:05 बजे पुरी रेलवे स्टेशन में पहुंचेगी।
इसी तरह 16 सितंबर से 22828 सूरत-पुरी एक्सप्रेस 14:40 बजे के स्थान पर 15:05 बजे, 13 सितंबर से 12993 गांधीधाम-पुरी एक्सप्रेस 14:40 बजे की जगह 15:05 बजे पुरी स्टेशन पहुंचेगी | इसी तरह 13 सितंबर से 12879 एलटीटी-भुवनेश्वर एक्सप्रेस 7:00 बजे के स्थान पर 7:15 बजे भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पहुंचेगी | यह ट्रेनें मार्ग के अन्य स्टेशनों पर पहले के समय पर पहुंचेंगी। उनमें कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।
अब घाटशिला स्टेशन में ठहरेगी गीतांजलि व आजाद हिंद एक्सप्रेस
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बेहतर यात्रा सुविधा के तहत दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल के घाटशिला स्टेशन में गीतांजलि एक्सप्रेस एवं आजाद हिंद एक्सप्रेस का ठहराव देने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 11 सितंबर से उपलब्ध कराई जा रही है।
रेलवे के अनुसार 12859 सीएसएमटी-हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस,इस तिथि से से आगामी आदेश तक घाटशिला स्टेशन में ठहरेगी। यह ट्रेन घाटशिला स्टेशन में 9:44 बजे पहुंचेगी और 9:45 बजे रवाना होगी। इसी तरह 12860 हावड़ा-सीएसएमटी गीतांजलि एक्सप्रेस स्टेशन में 16:31 बजे पहुंचकर 16:32 बजे रवाना होगी।
वहीं 12129 पुणे-हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस घाटशिला स्टेशन में 1:07 बजे पहुंचकर 1:08 बजे रवाना होगी। इसके अलावा वापसी में 12130 हावड़ा-पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस घाटशिला स्टेशन में रात 12:31 बजे पहुंचकर 12:32 बजे रवाना होगी।
अब दो दिसंबर तक चलेगी पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन
त्यौहारी सीजन में ट्रेनों में यात्रियों की संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे प्रशासन द्वारा यात्रियों को बेहतर एवं सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराने के लिए पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन के परिचालन अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया है।
यह स्पेशल ट्रेन अब दो दिसंबर तक चलेगी। रेलवे के अनुसार 03253 पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन पटना से 21 सितंबर से 30 नवंबर प्रत्येक सोमवार एवं बुधवार को चलेगी। इसी तरह 03255 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन चर्लपल्ली से 25 सितंबर से 27 नवंबर प्रत्येक शुक्रवार को छूटेगी।
इसके अलावा 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल ट्रेन चर्लपल्ली से 23 सितंबर से 02 दिसंबर प्रत्येक बुधवार को रवाना होगी। यह ट्रेन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग एवं गोंदिया स्टेशनों पर ठहरेगी। इसके कोच में किसी तरह परिवर्तन नहीं किया गया है।
जैतहरी स्टेशन यार्ड स्थित रेल अंडरब्रिज 22 तक रहेगा बंद
जैतहरी स्टेशन यार्ड किमी 855/41-43 पर स्थित रेल अंडरब्रिज पर सड़क मरम्मत के साथ सरफेस कंक्रीटिंग का कार्य किया जाएगा। इसे सुचारू एवं सुरक्षित रूप से पूर्ण करने के लिए अंडरब्रिज को 22 सितंबर से 11 अक्टूबर तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। इस अवधि के में 20 दिनों तक इस अंडरब्रिज से सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।






