Home / छत्तीसगढ़ / *बीएसपी ब्लास्ट फर्नेस-6 में हादसा, ठेका कर्मचारी की मौत*

*बीएसपी ब्लास्ट फर्नेस-6 में हादसा, ठेका कर्मचारी की मौत*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

भिलाई। (सियासत दर्पण न्यूज़) भिलाई इस्पात संयंत्र के ब्लास्ट फर्नेस-6 के यांत्रिकी विभाग में मंगलवार को कार्य के दौरान हुए हादसे में 47 वर्षीय ठेका कर्मी विनोद कुमार की मौत हो गई। वह मेसर्स सहिआन इंजीनियरिंग एंड ट्रेडिंग में एसएसडब्ल्यू के रूप में कार्यरत थे और प्रथम पाली में ड्यूटी कर रहे थे।

घटना की जानकारी मिलने के बाद संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू की गई।

खराबी की जांच के लिए पुशर कार-2 के पास भेजा था

मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे ब्लास्ट फर्नेस-6 की पुशर कार-2 में खराबी की सूचना ऑपरेशन शिफ्ट प्रभारी ने मेकेनिकल पाली प्रभारी को दी। इसके बाद मेकेनिकल पाली प्रभारी ने खराबी की जांच के लिए विनोद कुमार को पुशर कार-2 के पास भेजा।

बताया जा रहा है कि विनोद कुमार मशीन की खराबी की जांच कर रहे थे, इसी दौरान पुशर कार-2 अचानक चल पड़ी। अचानक मशीन के संचालित होने से विनोद कुमार उसकी चपेट में आ गए और उन्हें गंभीर चोटें आईं।

घटना के तत्काल बाद वहां मौजूद कर्मचारियों ने उन्हें बाहर निकाला और संयंत्र की एंबुलेंस से मेन मेडिकल पोस्ट (एमएमपी)-1 ले जाया गया। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने करीब सुबह 9 बजे जांच के बाद विनोद कुमार को मृत घोषित कर दिया।

विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी

हादसे की सूचना मिलते ही संयंत्र के संबंधित विभागों में भी इसकी जानकारी पहुंची। दुर्घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था और मशीन की खराबी की जांच को लेकर भी अधिकारियों ने जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर हादसा पुशर कार की खराबी की जांच के दौरान उसके अचानक संचालित होने से होना बताया जा रहा है।

हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों और इसमें किसी स्तर पर सुरक्षा प्रक्रिया का उल्लंघन हुआ या नहीं, इसकी विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page