रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) रायपुर पुलिस ने पिछले 24 घंटे में अवैध शराब बेचने और चाकू लेकर घूमने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। अलग-अलग इलाकों में 5 मामले दर्ज कर 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने 18.340 लीटर शराब और 4 धारदार चाकू बरामद किए। इसके अलावा 12 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई।
चाकू लेकर लोगों को डराता रहा युवक
वहीं, मौदहापारा थाना क्षेत्र में मेकाहारा अस्पताल के एम्बुलेंस स्टैंड के सामने युवक के चाकू लेकर लोगों को डराने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर 19 साल के लोकेश बंजारे को पकड़ा। उसके पास से करीब 20 सेंटीमीटर लंबा धारदार स्टील का चाकू मिला।
बैरन बाजार में 48 पौवा शराब जब्त
सिटी कोतवाली पुलिस को बैरन बाजार में अवैध रूप से शराब बेचने की सूचना मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 19 वर्षीय विनोद निहाल को पकड़ा। पुलिस ने उसके कब्जे से जम्मू स्पेशल व्हिस्की के 48 पौवा बरामद किए। इनमें कुल 8.640 लीटर शराब थी। इसकी कीमत 5,760 रुपए बताई गई है।
चाकू लेकर घूम रहे युवक सहित नाबालिग पकड़े गए
इसी थाना क्षेत्र में मैना चौक के पास चाकू लेकर लोगों को डराने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने 20 साल के गौरव क्रोजे और 16 साल के नाबालिग को पकड़ा। दोनों के कब्जे से एक-एक धारदार चाकू बरामद हुआ। नाबालिग के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई।
मटन मार्केट के पास शराब बेचते दो पकड़े
गोलबाजार थाना क्षेत्र में मटन मार्केट के सामने आंचल ट्रेडर्स के पास शराब बेचने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस ने अरूप घोष (29) और विकास मार्टिन (44) को पकड़ा। दोनों के पास से अलग-अलग ब्रांड की 9.700 लीटर शराब, 4 हजार रुपए बिक्री रकम और शराब ले जाने में इस्तेमाल एक्टिवा बरामद हुई।
पेटी लाइन में शराब पीते युवक पर कार्रवाई
पेटी लाइन में सार्वजनिक जगह पर शराब पीते मिले 49 वर्षीय अविनाश दुबे के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक मौके पर शराब मिली। जांच में उसके शराब पीने की पुष्टि हुई।
12 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई
अपराध रोकने और इलाके में शांति बनाए रखने के लिए मध्य जोन के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में 12 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।






