रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) छत्तीसगढ़ में अगले 4 दिन मौसम खराब रहने वाला है। राजधानी रायपुर में दोपहर अचानक मौसम बदला और गरज-चमक के साथ तेज बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज 5 जिलों में ऑरेंज और 25 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में तेज हवा भी चल सकती है।
राजनांदगांव, बालोद, बीजापुर, सुकमा और कांकेर में कुछ स्थानों पर बिजली गिरने की आशंका है। धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने के आसार हैं।
बंगाल की खाड़ी में बने लो प्रेशर एरिया के असर से प्रदेश में नमी बढ़ रही है, इससे बारिश और आंधी की एक्टिविटी बढ़ रही है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं बलरामपुर, कोरिया समेत 25 जिलों में हल्की बारिश के साथ अंधड़ की संभावना है।
आज इन जिलों में अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार आज धमतरी, गरियाबंद और महासमुंद में 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा या आंधी के साथ बारिश हो सकती है। इसके अलावा कई जिलों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से अचानक तेज हवा चलने की संभावना है।
सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, रायगढ़, कोरबा समेत कई जिलों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा, बिजली और बारिश की संभावना जताई गई है।
कल सबसे ज्यादा प्रभावी होगा सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक, 24 सितंबर की सुबह बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया विशाखापट्टनम और गोपालपुर के बीच उत्तर आंध्र प्रदेश-दक्षिण ओडिशा तट से टकरा सकता है। इसके असर से छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश और कहीं-कहीं भारी बारिश की स्थिति बन सकती है।
इस सिस्टम का असर प्रदेश में 23 से 26 सितंबर तक रहने की संभावना है। इस दौरान खासकर दक्षिण छत्तीसगढ़ में बारिश के साथ अंधड़ और बिजली गिरने का खतरा रहेगा।
ऑरेंज और येलो अलर्ट क्या है?
ऑरेंज अलर्ट
भारी बारिश का खतरा: कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को मौसम खराब होने पर सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
येलो अलर्ट
बारिश और गरज-चमक का अलर्ट: कुछ जगहों पर हल्की बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवा चलने की संभावना है। मौसम खराब होने पर सावधानी बरतें।






