रायपुर।(सियासत दर्पण न्यूज़) राजधानी में पर्स स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी चलती दोपहिया वाहन से झपट्टा मारकर महिलाओं से पर्स छीनते थे।
एंटी क्राइम और साइबर यूनिट के साथ डीडी नगर थाना पुलिस ने मिलकर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनकी पहचान शौर्य सिंह उर्फ देवा ठाकुर (20) और ईशांत नेगी (20) के रूप में की है।
दोनों आरोपियों ने डीडी नगर और पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग वारदातों को अंजाम दिया था। फिलहाल उनके खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।
अब पढ़ें क्या है पूरा मामला
रायपुर पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों ने पहली घटना 28 अप्रैल 2026 की है, जब एक महिला ऑटो से अस्पताल जा रही थी। उस दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था।
दूसरी घटना 2 मई 2026 को पुरानी बस्ती इलाके में हुई। कमला उपाध्याय नाम की महिला अपनी एक्टिवा से जा रही थीं, तभी शीतला चौक के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनका लेडीज पर्स छीन लिया।
इस दौरान महिला असंतुलित होकर गिर गई और घायल हो गई। पर्स में मोबाइल, दवाइयां और करीब 10 हजार रुपए थे। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी कैमरों की मदद से पकड़ाए आरोपी
पुलिस उपायुक्त संदीप पटेल और स्मृतिक राजनाला के निर्देश पर टीम का गठन किया गया।
टीम ने जांच की और सीसीटीवी कैमरों के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की शिनाख्त शौर्य सिंह उर्फ देवा ठाकुर (20) और ईशांत नेगी (20) के रूप में की। पुलिस ने हिरासत में लेकर दोनों से पूछताछ की, जिसमें उन्होंने दोनों घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, लेडीज पर्स, 1000 रुपए नगद और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (CG 06 HA 9502) जब्त की गई है। दोनों के खिलाफ संबंधित थानों में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।






