Home / छत्तीसगढ़ / *आयुष्मान कार्ड बनाने में सूरजपुर अव्वल*

*आयुष्मान कार्ड बनाने में सूरजपुर अव्वल*

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

सूरजपुर : (सियासत दर्पण न्यूज़) आयुष्मान भारत योजना का लाभ जिले के अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने में सूरजपुर ने प्रदेश स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले में अब तक सात लाख 66 हजार 134 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कार्ड निर्माण की उपलब्धि करीब 97 प्रतिशत है और इस मामले में सूरजपुर प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। अब प्रशासन का फोकस उन पात्र परिवारों तक पहुंचने पर है, जो किसी कारण से अभी तक योजना से नहीं जुड़ पाए हैं।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन, जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले के मार्गदर्शन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के समन्वय से जिले में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। स्वास्थ्य, पंचायत एवं महिला एवं बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के सहयोग से पिछले एक माह में करीब 19 हजार 318 हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए। वहीं 2519 वरिष्ठ नागरिकों के वय वंदन आयुष्मान कार्ड भी तैयार किए गए। जिले में अब तक 16 हजार से अधिक वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं।

सेवा संकल्प अभियान में छूटे परिवारों पर नजर

17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान अब शेष पात्र परिवारों को योजना से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्रत्येक विकासखंड में स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अलग स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां पात्र हितग्राहियों को योजना की जानकारी देने के साथ मौके पर कार्ड बनाने और तैयार कार्ड वितरित करने की व्यवस्था रहेगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम आयुष्मान योजना के तहत उपचार प्राप्त कर चुके हितग्राहियों के घर पहुंचकर उनसे संवाद भी करेगी।

एक अक्टूबर को वरिष्ठ नागरिकों का विशेष शिविर

वृद्धजन सेवा संकल्प अभियान के तहत एक अक्टूबर को मंगल भवन सूरजपुर में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाया जाएगा। इसमें वरिष्ठ नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ पात्र लोगों के वय वंदन आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे। कार्ड बनवाने के लिए हितग्राहियों को राशन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल नंबर साथ लाने कहा गया है। राशन कार्ड में संबंधित हितग्राही का नाम दर्ज होना आवश्यक है।

अभियान के दौरान पात्र एपीएल परिवारों के कार्ड भी बनाए जाएंगे। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार पात्र एपीएल परिवारों को योजना के तहत 50 हजार रुपये तक, जबकि पात्र बीपीएल परिवारों को पांच लाख रुपये तक उपचार सुविधा उपलब्ध है।

3
IMG-20260612-WA0029
IMG-20260612-WA0030

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page